Bihar Crime: सरेशाम गोलीबारी से सनसनी, बाइक सवार दुकानदार को मारी गोली, जमीन विवाद में हमले की आशंका

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। ...

गोलीबारी से सनसनी- फोटो : reporter

Bihar Crime:  बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। दरभंगा के लहेरियासराय रेलवे रैक पॉइंट के पास गुरुवार की देर शाम बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए बाइक सवार 52 वर्षीय शैलेन्द्र झा को गोली मार दी। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरातफरी मच गई। गोली लगने से लहूलुहान शैलेन्द्र सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, शैलेन्द्र झा बहादुरपुर थाना क्षेत्र के कबिलपुर गांव के निवासी हैं। उनकी कमर्शियल चौक पर खुशबू इलेक्ट्रिक नाम से बिजली की दुकान है। गुरुवार की शाम रोजाना की तरह दुकान बंद करने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। उन्हें शायद इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में मौत का जाल बिछाकर कुछ अपराधी उनका इंतजार कर रहे हैं।

बताया जाता है कि लहेरियासराय रेलवे रैक पॉइंट के पास ओवरब्रिज से नीचे उतरते ही पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी बाइक को धक्का मारकर असंतुलित कर दिया। इसके बाद अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके दोनों पैरों में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

घायल शैलेन्द्र झा ने इस हमले के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि जमीन पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में उन्हें निशाना बनाया गया। हालांकि, किसने और किन परिस्थितियों में इस वारदात को अंजाम दिया, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। पुलिस जमीन विवाद के पहलू को भी खंगाल रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सरेशाम एक दुकानदार पर जानलेवा हमला करने वाले अपराधी कौन थे और इस वारदात के पीछे असली वजह क्या है?

रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर