Bihar Police:मुंगेर जेल में अचानक पहुंची पुलिस की भारी फौज, दो घंटे तक चली सघन तलाशी; कैदियों में मचा हड़कंप

Bihar Police:मुंगेर मंडल कारा में उस वक्त अफरातफरी और बेचैनी का माहौल बन गया, जब जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक जेल परिसर में धावा बोल दिया।

Bihar Police:मुंगेर जेल में अचानक पहुंची पुलिस की भारी फौज,
जेल में अचानक पहुंची पुलिस की भारी फौज- फोटो : reporter

Bihar Police:मुंगेर मंडल कारा में शुक्रवार को उस वक्त अफरातफरी और बेचैनी का माहौल बन गया, जब जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक जेल परिसर में धावा बोल दिया। अधिकारियों और पुलिस जवानों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने कैदियों के बीच हलचल बढ़ा दी। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के नेतृत्व में चले इस औचक छापेमारी अभियान के दौरान जेल के कोने-कोने की तलाशी ली गई। करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई में वार्डों से लेकर सेल तक की बारीकी से जांच की गई।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को जिला प्रशासन ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था परखने और प्रतिबंधित सामानों की मौजूदगी का पता लगाने के लिए अचानक निरीक्षण की रणनीति बनाई। इसके बाद जिलाधिकारी और एसपी सैयद इमरान मसूद के नेतृत्व में जिला पुलिस बल और दंडाधिकारियों की टीम मंडल कारा पहुंची। अचानक जेल परिसर में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की भारी मौजूदगी देखकर कैदियों के बीच संशय और बेचैनी का माहौल पैदा हो गया।

संयुक्त टीम ने जेल के सभी वार्डों, अलग-अलग सेल और परिसर के अन्य हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने हर जगह बारीकी से जांच की, ताकि किसी भी तरह की प्रतिबंधित वस्तु या सुरक्षा में सेंध से जुड़ी गतिविधि का पता लगाया जा सके। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।

हालांकि, लंबी और सघन तलाशी के बावजूद पुलिस तथा प्रशासन की टीम को कोई भी आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामान बरामद नहीं हुआ। किसी संदिग्ध वस्तु के नहीं मिलने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

इस औचक कार्रवाई का मकसद जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना था कि कैदियों तक मोबाइल फोन, नशीले पदार्थ या अन्य प्रतिबंधित सामान नहीं पहुंच सकें। प्रशासन की इस कार्रवाई को जेल की नियमित सुरक्षा निगरानी और अनुशासन बनाए रखने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

फिलहाल छापेमारी में किसी प्रतिबंधित सामान की बरामदगी नहीं हुई है, लेकिन इस अभियान ने जेल प्रशासन और कैदियों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति सतर्क रहने का स्पष्ट संदेश जरूर दे दिया है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज