पटना में मिनरल वाटर के नाम बिक रहा 'जहर' ! बिसलेरी के नाम पर संदिग्ध लाइसेंस, बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर

छापेमारी के दौरान एक लीटर की 504 बोतल और 500 एमएल की 336 बोतल बिसलेरी के नाम से बरामद की गईं। इसके अलावा नील सागर ब्रांड के नाम से करीब 660 लीटर पानी भी मिला।

Fake Mineral Water Racket Busted in Patna- फोटो : news4nation

Bihar News :  राजधानी पटना में नकली पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के कारोबार का मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जक्कनपुर थाना क्षेत्र के मीठापुर पुरानी बस स्टैंड के पास स्थित मां जानकी स्टोर में छापेमारी कर बड़ी संख्या में संदिग्ध पानी की बोतलें जब्त की हैं। जब्त पानी की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। विभाग ने मौके से पानी के नमूने भी इकट्ठा किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।


यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मुकेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में टीम ने दुकान की जांच की। इस दौरान बिसलेरी और नील सागर ब्रांड के नाम से पैक की गई पानी की बोतलें बरामद हुईं। अधिकारियों के मुताबिक, दुकान में बड़ी मात्रा में इन बोतलों का स्टॉक रखा गया था।


बिसलेरी के नाम पर मिला संदिग्ध लाइसेंस

छापेमारी के दौरान एक लीटर की 504 बोतल और 500 एमएल की 336 बोतल बिसलेरी के नाम से बरामद की गईं। इसके अलावा नील सागर ब्रांड के नाम से करीब 660 लीटर पानी भी मिला। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बिसलेरी की पैकेजिंग पर हाजीपुर से जारी लाइसेंस का उल्लेख किया गया था। शुरुआती जांच में यह लाइसेंस फर्जी पाया गया है। इसकी वास्तविकता और पानी के निर्माण से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।


वहीं, नील सागर ब्रांड को लेकर भी गंभीर अनियमितता सामने आई है। अधिकारी मुकेश कुमार कश्यप के अनुसार, इस ब्रांड का लाइसेंस पहले ही निलंबित किया जा चुका है। इसके बावजूद इस नाम से पानी का निर्माण और सप्लाई किए जाने की जानकारी मिली है।


पानी के सैंपल लिए, आगे होगी कानूनी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान में मौजूद संदिग्ध पानी की बोतलों को जब्त कर लिया है। साथ ही अलग-अलग ब्रांड के पानी के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। फिलहाल विभाग की ओर से स्टॉक, निर्माण स्थल, लाइसेंस और सप्लाई नेटवर्क से संबंधित जानकारियां जुटाई जा रही हैं।


अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस छापेमारी के बाद राजधानी में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता और लाइसेंस के नाम पर हो रहे कथित फर्जीवाड़े को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।