Bihar News : अनंत सिंह की बेटी की शादी और विकास योजनाओं के बजट पर सियासत तेज, मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने विपक्ष के आरोपों पर दिया जवाब

Bihar News : बिहार में छोटे सरकार के नाम से जाने जाने वाले विधायक अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी की चर्चा पूरे भारत में हो रही है. ऐसे में विपक्ष के हर सवाल पर बिहार सरकार के मंत्री बचाव करते दिखे.....पढ़िए आगे

Bihar News : अनंत सिंह की बेटी की शादी और विकास योजनाओं के ब
बचाव करते दिखे मंत्री - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : बिहार की राजनीति में मोकामा के चर्चित विधायक अनंत सिंह की बेटी की भव्य शादी और राज्य की विकास योजनाओं के लिए धन की उपलब्धता को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। भभुआ में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल होने कैमूर पहुंचे बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने मीडिया से बातचीत के दौरान विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया। विपक्ष का आरोप है कि एक तरफ अनंत सिंह की बेटी की शादी में करोड़ों रुपये खर्च किए गए और महंगी गाड़ियां उपहार में दी गईं, वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय एजेंसियों की ओर से कोई जांच नहीं हो रही है, जबकि विपक्षी नेताओं के आयोजनों पर कड़ी नजर रखी जाती है।

विपक्ष के इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने शादी के आयोजन का बचाव किया। मंत्री के अनुसार, इस विवाह समारोह में बिहार सरकार और केंद्र सरकार के कई प्रमुख मंत्री शामिल हुए थे और विवाह में दी गई महंगी गाड़ियां व अन्य वस्तुएं उपहार स्वरूप मिली थीं। उन्होंने पूर्व की राजद सरकार के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में उनकी बेटी की शादी के दौरान शोरूम से गाड़ियां और सोफा तक जबरन उठा लिए जाने की घटनाएं हुई थीं, जबकि मोकामा में हुए इस आयोजन में ऐसी कोई स्थिति नहीं बनी।

सियासी गलियारों में इस बात को लेकर भी चर्चा हो रही है कि क्या राज्य और केंद्र सरकार का अनंत सिंह को खुला समर्थन प्राप्त है, क्योंकि करोड़ों के इस शाही आयोजन के बावजूद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) या केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों की कोई हलचल नहीं दिखी। विपक्षी दलों का मानना है कि सत्ता के करीब होने के कारण ऐसे भव्य आयोजनों पर सवाल नहीं उठाए जाते, जबकि विपक्ष के नेताओं के मामलों में नियमों और कार्रवाई का हवाला दिया जाता है।

इसके अतिरिक्त, राज्य में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और बजट की कमी को लेकर भी विपक्ष ने सरकार को घेरा है। आरोप है कि राज्य के खजाने में धन की तंगी के कारण कई विभागों की स्वीकृत योजनाएं अधर में लटकी हुई हैं। विशेष रूप से वन विभाग का उदाहरण देते हुए कहा जा रहा है कि समय पर आवंटन नहीं मिलने के कारण इस वर्ष वृक्षारोपण और चेक डैम की मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हुए हैं।

इन आरोपों को खारिज करते हुए योजना एवं विकास मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने दावा किया कि बिहार सरकार के पास विकास योजनाओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है। मंत्री के अनुसार, सभी योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर संचालित कर पूरा किया जाएगा। वन विभाग की योजनाओं में देरी के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विभाग केंद्र और राज्य के समन्वय से संचालित होता है तथा अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं के कारण कुछ परियोजनाओं में समय लगता है, न कि बजट के अभाव के कारण।

देवब्रत की रिपोर्ट