Bihar Police Raid:सोशल मीडिया पर मंत्री जीतन राम मांझी को धमकी देने वाला गिरफ्तार, साइबर थाना की ताबड़तोड़ कार्रवाई,पटना से दबोचा गया आरोपी, गया पुलिस कर रही कड़ी पूछताछ
Bihar Police Raid: सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को खुलेआम धमकी देने का मामला अब पुलिस की गिरफ्त में आ गया है।
Bihar Police Raid: सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को खुलेआम धमकी देने का मामला अब पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। इस सनसनीखेज प्रकरण में साइबर थाना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूरे प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मामले की पुष्टि गया के एसएसपी सुशील कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए धमकी भरे वीडियो के बाद तत्काल एफआईआर दर्ज की गई और साइबर थाना की विशेष टीम को जांच में लगाया गया। इसके बाद लगातार छापेमारी अभियान चलाकर आरोपी को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेंद्र राय उर्फ सरदार के रूप में हुई है, जिसे पटना के मारूफगंज इलाके से गिरफ्तार किया गया। साइबर डीएसपी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने उसे देर रात दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कड़ी सुरक्षा में गया लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ जारी है।
सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो में आरोपी ने मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए गंभीर धमकी दी थी। वीडियो सामने आते ही मामला तेजी से तूल पकड़ गया और राजनीतिक गलियारों में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने इसे गंभीर साइबर अपराध मानते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी का किसी राजनीतिक संगठन से संबंध है या वह किसी के इशारे पर काम कर रहा था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो बनाने और वायरल करने के पीछे कोई सुनियोजित साजिश तो नहीं थी। आईजी विकास वैभव और एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई थी, जिसने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस का कहना है कि डिजिटल फुटप्रिंट और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
बता दें कि इससे पहले भी क्षेत्र में राजनीतिक तनाव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, खासकर विधायक ज्योति मांझी से जुड़े विवाद के बाद माहौल संवेदनशील हो गया था। उसी पृष्ठभूमि में यह धमकी भरा वीडियो सामने आने से मामला और गंभीर हो गया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में है कि क्या यह सिर्फ व्यक्तिगत गुस्सा था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी हुई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस तरह की धमकी और सोशल मीडिया दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
दिल्ली से धीरज कुमार सिंह की रिपोर्ट