Bihar Crime: सफेद कागज को नोट बनाने का बड़ा फ्रॉड रैकेट बेनकाब, 95 लाख के साथ ठगी गैंग का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार

Bihar Crime:पुलिस और एसआईटी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब 95 लाख रुपये नकद बरामद किए।..

नकली नोट नेटवर्क का खुलासा- फोटो : reporter

Bihar Crime: गोपालगंज जिले में पुलिस ने एक बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिंहासिनी गांव में की गई, जहां पुलिस और एसआईटी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब 95 लाख रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा मौके से नोटों के आकार के सफेद कागज के बंडल, केमिकल, पैकिंग सामग्री और नोट गिनने की मशीन भी जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक यह गिरोह लोगों को “रुपये दोगुना और तिगुना” करने का लालच देकर ठगी करता था। आरोपी हाथ की सफाई और विशेष केमिकल की मदद से सादे कागज को नोट में बदलने जैसा भ्रम पैदा करते थे। इसी झांसे में फंसाकर लोगों से मोटी रकम वसूली जाती थी।

गुप्त सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ सिधवलिया के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने देर रात प्रदीप पूरी के घर पर छापेमारी की, जहां भारी मात्रा में नकदी और संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। पुलिस को शक है कि जब्त रकम में कुछ जाली नोट भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल नोटों की तकनीकी जांच कराई जा रही है।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि इस गिरोह के तार पश्चिम बंगाल के वर्धमान इलाके से जुड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार फरहज नाम का व्यक्ति इस नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया जा रहा है, जो बैकुंठपुर में दिलसेर नामक व्यक्ति के यहां ठहरा हुआ था। जांच में यह भी सामने आया है कि दिलसेर और उसके परिवार के कुछ सदस्य भी गिरोह की गतिविधियों में सहयोग कर रहे थे।

फिलहाल गिरफ्तार सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क, बरामद नकदी के स्रोत और दूसरे राज्यों से जुड़े संभावित कनेक्शन की जांच में जुटी हुई है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग इसे बिहार में हाल के दिनों की बड़ी ठगी कार्रवाई मान रहे हैं।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा