आइसक्रीम फैक्ट्री के कर्मचारी ही निकले चोर : कैश रूम का ताला तोड़कर उड़ाए थे 3.97 लाख, तीन गिरफ्तार

Bihar News : वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री में हुए चोरी मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों में तीन को गिफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार तीनो आरोपी फैक्ट्री के कर्मचारी है जो पैसे की लालच में चोरी को अंजाम दिया था....

आइसक्रीम फैक्ट्री के कर्मचारी ही निकले चोर- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के मगुराही रोड हिलालपुर स्थित एक आइसक्रीम फैक्ट्री में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन शातिर बदमाशों को चोरी किए गए 29,400 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी वारदात फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की।


फैक्ट्री के ही कर्मचारियों ने कैश रूम से उड़ाए थे 3.97 लाख

सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सुबोध कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बीते मंगलवार की रात मगुराही रोड हिलालपुर चौक स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री के कैश रूम के गेट का ताला तोड़कर वहां रखे 3,97,150 की बड़ी रकम चोरी कर ली गई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस वारदात को अंजाम देने वाले कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि उसी आइसक्रीम फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी ही थे, जिन्होंने पैसों के लालच में इस घटना को अंजाम दिया।


एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर गठित टीम ने की छापेमारी

फैक्ट्री के मालिक सादुल्लापुर निवासी शत्रुघ्न चौधरी के बयान पर गंगा ब्रिज थाना कांड संख्या 138/26 दर्ज कर पुलिस अनुसंधान में जुट गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वैशाली के पुलिस अधीक्षक (SP) विक्रम सिहाग के निर्देशानुसार सदर-1 एसडीपीओ के नेतृत्व में गंगा ब्रिज थानाध्यक्ष के साथ एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय इनपुट और सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण के आधार पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को धर दबोचा, जिन्होंने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है।


तीन बोरियों में रखे 30 हजार के सिक्के भी ले उड़े थे चोर

फैक्ट्री मालिक शत्रुघ्न चौधरी द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, चोरों ने कैश रूम की तिजोरी साफ करने के साथ-साथ वहां रखे सिक्कों पर भी हाथ साफ किया था। जब घटना के बाद कैश का मिलान किया गया, तो पता चला कि नकद रुपयों के अलावा तीन बोरियों में रखे करीब 30,000 मूल्य के सिक्के भी गायब थे। कुल मिलाकर 3,97,150 की संपत्ति की चोरी हुई थी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।


चार नामजद आरोपियों में से तीन चढ़े पुलिस के हत्थे

आइसक्रीम फैक्ट्री के मालिक ने इस मामले में अनीश कुमार, सोनू कुमार, अभिषेक कुमार और विकास कुमार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों की पहचान अनीश कुमार (पिता अरुण राय, ग्राम छौकिया), सोनू कुमार (पिता अजय साह, ग्राम छौकिया) और विकास कुमार (पिता नन्हक राय, ग्राम सरायपुर) के रूप में हुई है, जो सभी गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस अब इस मामले के चौथे फरार आरोपी अभिषेक कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।


रिषभ की रिपोर्ट