भारतीय तटरक्षक बल की बड़ी कार्रवाई, 3,000 करोड़ से ज्यादा की ड्रग्स जब्त, 5 पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार

खुफिया एजेंसियों से मिली सूचना के बाद भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्री और हवाई निगरानी बढ़ाई। निगरानी के दौरान एक संदिग्ध धाऊ की गतिविधियां सामने आईं। तलाशी के दौरान पोत से 526 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन और मेथामफेटामाइन बरामद की गई।

Indian Coast Guard - फोटो : news4nation

ICG: भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने समुद्री रास्ते से होने वाली अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ICG ने गुजरात ATS और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान में लक्षद्वीप के पश्चिमी हिस्से में अरब सागर से एक संदिग्ध ईरानी धाऊ को पकड़ा है। तलाशी के दौरान पोत से 526 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन और मेथामफेटामाइन बरामद की गई। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत ₹3,000 करोड़ से अधिक है।


इस कार्रवाई में पोत पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी हिरासत में लिया गया है। तटरक्षक बल के मुताबिक, यह ऑपरेशन 25 सितंबर को लक्षद्वीप के पास खुफिया इनपुट के आधार पर चलाया गया था।


समुद्र और हवा से रखी गई संदिग्ध नाव पर नजर


खुफिया एजेंसियों से मिली सूचना के बाद भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्री और हवाई निगरानी बढ़ाई। निगरानी के दौरान एक संदिग्ध धाऊ की गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद तटरक्षक बल ने उसका पीछा शुरू किया और लक्षद्वीप के पश्चिम में समुद्र में उसे रोककर उस पर सवार होकर तलाशी ली।


जांच के दौरान पोत से बड़ी मात्रा में उच्च गुणवत्ता वाली मेथामफेटामाइन और हेरोइन बरामद हुई। कार्रवाई के बाद पोत, उसके चालक दल और जब्त किए गए मादक पदार्थों को सशस्त्र सुरक्षा के बीच मुंबई लाया गया है, जहां विभिन्न एजेंसियां संयुक्त पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही हैं।


अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क पर चोट

गुजरात ATS ने भी पांच पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़े जाने की पुष्टि की है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ड्रग्स की खेप कहां से आई थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, समुद्री मार्ग का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किया जाता रहा है। ऐसे में अरब सागर में हुई यह कार्रवाई भारत के समुद्री क्षेत्र में ड्रग तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण इंटरसेप्शन मानी जा रही है।


तटरक्षक बल ने कहा कि इस अभियान से न केवल बड़ी मात्रा में सिंथेटिक ड्रग्स को भारतीय तट तक पहुंचने से रोका गया है, बल्कि इससे अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के आर्थिक नेटवर्क को भी नुकसान पहुंचाने में मदद मिलेगी। एजेंसियां अब बरामद ड्रग्स, पोत के चालक दल और पूरे तस्करी नेटवर्क के बीच कनेक्शन की जांच कर रही हैं।