Bihar Crime: जमुई मेंचेन स्नैचरों का आतंक, महिला के गले से सोने की चेन झपटकर बदमाश फरार, इलाके में दहशत

Bihar Crime:न स्नैचिंग की घटनाओं से लोगों में दहशत बढ़ती जा रही है। ...

चेन स्नैचरों का आतंक- फोटो : reporter

Bihar Crime: जमुई शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं से लोगों में दहशत बढ़ती जा रही है। ताजा मामला बोधवन तालाब इलाके से सामने आया है, जहां सोमवार की रात बाइक सवार दो उचक्कों ने बीच बाजार महिला के गले से सोने की चेन झपटी और देखते ही देखते फरार हो गए। घटना रात करीब 9:30 बजे लिबर्टी शोरूम के पास हुई। व्यस्त बाजार में हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीड़िता की पहचान सदर अस्पताल के समीप महिसौड़ी मोहल्ला निवासी अधिवक्ता स्वर्गीय सुधीर श्याम की पत्नी अनिता कुमारी के रूप में हुई है। अनिता कुमारी के मुताबिक, वह रोज की तरह सोमवार शाम मोहल्ले की अन्य महिलाओं के साथ टहलने के लिए बोधवन तालाब चौक की ओर गई थीं। वहां से सभी महिलाएं पैदल अपने घर लौट रही थीं।

इसी दौरान लिबर्टी शोरूम के पास पीछे से एफजेड बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उनके गले से चेन झपटी और दोनों बदमाश तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए। अचानक हुई वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता से घटना की जानकारी ली और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुट गई। पुलिस का कहना है कि फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि पिछले छह-सात महीनों में जमुई शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक सवार बदमाश भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। शाम के वक्त बाजार और प्रमुख सड़कों पर ऐसी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

बोधवन तालाब जैसे व्यस्त इलाके में चेन झपटमारी की घटना के बाद पुलिस की गश्ती और अपराधियों पर नकेल कसने की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस की जांच अभी जारी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार दोनों संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों को कितनी जल्दी गिरफ्तार कर पाती है और शहर में लगातार सामने आ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर किस तरह लगाम लगाई जाती है।

सुमित सिंह की रिपोर्ट