Bihar Crime: माइक बजाने बुलाया, फिर पीट-पीटकर ले ली जान,हत्या के बाद फूटा गुस्सा, कैमूर में दो घंटे तक ठप रहा NH-19

Bihar Crime: एक रोंगटे खड़े कर देने वाला जुर्म सामने आया है, जहाँ एक मासूम नौजवान को साजिशन बुलाकर बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया।

हत्या के बाद फूटा गुस्सा- फोटो : reporter

Bihar Crime: एक रोंगटे खड़े कर देने वाला जुर्म सामने आया है, जहाँ एक मासूम नौजवान को साजिशन बुलाकर बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। यह खौफनाक वारदात कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के पुसौली गोला में अंजाम दी गई, जिसने पूरे इलाके में दहशत और ग़ुस्से की लहर दौड़ा दी।

मृतक की पहचान राजा कुमार (22 वर्ष), पिता रामनिवास शाह, के रूप में हुई है, जो पेशे से डीजे संचालक था और अपने काम से परिवार का गुजर-बसर करता था। मिली इत्तिला के मुताबिक, मंगलवार की रात कुछ मुल्जिमान ने उसे माइक बजाने के बहाने बुलाया। मगर यह बुलावा दरअसल एक खौफनाक साजिश का हिस्सा था। जैसे ही राजा मौके पर पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे करीब 15 हमलावरों ने उस पर धावा बोल दिया और लाठियों-डंडों से ताबड़तोड़ पिटाई शुरू कर दी।

इस वहशी हमले में राजा कुमार बुरी तरह जख्मी हो गया और मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। वारदात को अंजाम देकर मुल्जिमान फरार हो गए, पीछे छोड़ गए मातम, चीख-पुकार और खौफ का मंजर।पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, ग़म और ग़ुस्से का सैलाब फूट पड़ा। इंसाफ की मांग को लेकर उग्र ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 19 को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।मौके पर हालात बेकाबू होते देख प्रदीप कुमार, सुनील कुमार निर्झर, नंदू कुमार और आलोक कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।

पुलिस के मुताबिक इस संगीन कत्ल में करीब 15 लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिसमें मुख्य अभियुक्त अभिषेक कुमार बताया जा रहा है। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।घटनास्थल की तफ्तीश के लिए एफएसएल टीम को भी लगाया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। यह वारदात एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक मासूमों का खून यूं सरेआम बहता रहेगा और कानून के खौफ से बेपरवाह मुजरिम यूं ही जुल्म ढाते रहेंगे।

रिपोर्ट- देव तिवारी