कटिहार में NH-31 पर खूनी हादसा, ट्रक-टेम्पो और ट्रैक्टर की भिड़ंत में तीन की गई जान

एक ही गांव के तीन युवकों की एक साथ असामयिक मौत की खबर मिलते ही विष्णुचक गांव में मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Katihar Road Accident - फोटो : news4nation

Bihar News :  कटिहार जिले में बुधवार सुबह एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पोठिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर बखरी मोड़ के समीप बुधवार अहले सुबह ट्रक, टेम्पो और ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।


घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। इसके साथ ही दुर्घटना से जुड़ी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई।


एक ही गांव के तीन युवकों की मौत

इस भीषण सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीनों युवकों की पहचान हो गई है। मृतकों में विष्णुचक गांव निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू (22 वर्ष), पिता स्वर्गीय गोपाल साह, भीम कुमार साह (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय उपेंद्र साह और बाजो कुमार साह (32 वर्ष), पिता स्वर्गीय महंत साह शामिल हैं। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान मनीष कुमार साह (24 वर्ष), पिता अरविंद साह के रूप में हुई है। वह भी इसी गांव का रहने वाला है। सभी युवक कटिहार जिले के समेली प्रखंड अंतर्गत पोठिया थाना क्षेत्र के विष्णुचक गांव के वार्ड संख्या-09 के निवासी बताए जा रहे हैं।


गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

एक ही गांव के तीन युवकों की एक साथ असामयिक मौत की खबर मिलते ही विष्णुचक गांव में मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं।


एक साथ तीन परिवारों के चिराग बुझने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

श्याम की रिपोर्ट