Land for Job Case: लैंड फॉर जॉब केस में फिर बदले जज, लालू परिवार पर आरोप तय करने की बहस नए सिरे से!
Land for Job Case: लैंड फॉर जॉब केस में लालू प्रसाद यादव और परिवार पर आरोप तय करने को लेकर नए सिरे से बहस होगी। कोर्ट ने 1 और 4 दिसंबर की तारीख तय की है।
Land for Job Case: रेलवे लैंड फॉर जॉब मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस मामले में आरोप तय करने को लेकर अदालत में नए सिरे से बहस होगी। विशेष जज के तबादले के बाद अब नए स्पेशल जज नवीन कुमार कश्यप सुनवाई करेंगे। कोर्ट ने बहस के लिए 1 और 4 दिसंबर 2026 की तारीख तय की है।
इससे पहले स्पेशल जज विशाल गोगने ने मामले में अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था। लेकिन उनका तबादला दिल्ली हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) के पद पर हो गया। इसके बाद इस मामले की सुनवाई कर रहे जज प्रशांत कुमार का भी 6 नवंबर को तबादला हो गया। अब नए जज नवीन कुमार कश्यप के सामने मामले की सुनवाई होगी।
ED ने कोर्ट में रखे आरोप तय करने के पक्ष में तर्क
ईडी की ओर से एएसजी डीपी सिंह ने नई अदालत के सामने मामले का पूरा खाका रखा। एजेंसी ने दलील दी कि आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के लिए पर्याप्त सबूत मौजूद हैं। अब अदालत में इन्हीं सबूतों और दलीलों के आधार पर नए सिरे से बहस होगी।
लालू परिवार के ये सदस्य हैं आरोपी
इस मामले में लालू प्रसाद यादव, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, मीसा भारती, हेमा यादव और अमित कात्याल आरोपी हैं।
रेलवे में नौकरी के बदले जमीन लेने का आरोप
यह मामला लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान का है। आरोप है कि उस समय रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरियां देने के बदले अभ्यर्थियों और उनके परिवारों से जमीन ली गई थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, ये जमीनें पटना में महत्वपूर्ण स्थानों पर थीं और कथित तौर पर लालू परिवार से जुड़े लोगों के नाम पर कराई गई थीं। जांच में यह भी आरोप लगाया गया है कि रेलवे के कई जोन में 50 प्रतिशत से अधिक भर्तियां उन क्षेत्रों के अभ्यर्थियों की हुईं, जिन्हें लालू परिवार का प्रभाव क्षेत्र माना जाता था। अब अदालत में आरोप तय करने को लेकर होने वाली बहस के बाद मामले की आगे की सुनवाई का रास्ता साफ होगा।