Patna JP Setu fire: पटना में जेपी सेतु पर बड़ा हादसा टला! गाड़ी में आग लगते ही मचा हड़कंप

Patna JP Setu fire: पटना के जेपी सेतु पर एक वाहन में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली।

Patna JP Setu fire

Patna JP Setu fire: पटना के जेपी सेतु पर अचानक एक वाहन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पटना यातायात पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।


घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना यातायात पुलिस अधीक्षक सागर झा लगातार मौके पर तैनात पदाधिकारियों से पल-पल की जानकारी लेते रहे। उन्होंने तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जलते वाहन को हटाने, आग पर काबू पाने के प्रयासों में सहयोग करने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया।


टीम मौके पर मुस्तैदी से डटी रही


एसपी के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस के एसआई उदय प्रसाद, एसआई राहुल त्रिवेदी, सिपाही कुणाल कुमार, धर्मेंद्र कुमार, पीटीसी अवधेश कुमार एवं सूरज कुमार की टीम मौके पर मुस्तैदी से डटी रही। पुलिसकर्मियों ने एक ओर घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली, वहीं दूसरी ओर यातायात को नियंत्रित करते हुए आम लोगों को किसी तरह की परेशानी से बचाने का प्रयास किया।


एसपी के निर्देश, सड़क पर जवानों की मुस्तैदी और टीम वर्क का दिखा असर


पटना यातायात पुलिस की तत्परता और आपसी समन्वय के कारण जेपी सेतु पर यातायात व्यवस्था को दोबारा सुचारू कराया गया। घटना के दौरान एसपी सागर झा की लगातार मॉनिटरिंग और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सक्रियता ने यह संदेश दिया कि आपात स्थिति में यातायात पुलिस केवल चालान तक सीमित नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए भी पूरी जिम्मेदारी से काम करती है।

पटना से रंजीत कुमार की रिपोर्ट