कटिहार में दिनदहाड़े बाइक की डिक्की से ढाई लाख रुपये चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

कमरौल पंचायत निवासी हबीबुर रहमान बारसोई बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से ढाई लाख रुपये निकालकर लाए थे। बैंक से पैसे निकालने के बाद उन्होंने रकम अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रख दी।

Katihar Theft News- फोटो : news4nation

Bihar News :  कटिहार जिले के बारसोई थाना क्षेत्र के बारसोई बाजार में दिनदहाड़े मोटरसाइकिल की डिक्की से ढाई लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की यह घटना बारसोई थाना के सामने स्थित सिटी बाजार मेट्रो मॉल के पास हुई। बताया जा रहा है कि वारदात थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई। चोरी की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार में हड़कंप मच गया है।


जानकारी के अनुसार, कमरौल पंचायत निवासी हबीबुर रहमान बारसोई बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से ढाई लाख रुपये निकालकर लाए थे। बैंक से पैसे निकालने के बाद उन्होंने रकम अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रख दी। इसके बाद वे खरीदारी करने के लिए सिटी बाजार मेट्रो मॉल के अंदर चले गए।


10 मिनट बाद लौटे तो डिक्की से गायब थे रुपये

हबीबुर रहमान के मुताबिक, वे करीब 10 मिनट बाद खरीदारी कर वापस लौटे तो मोटरसाइकिल की डिक्की खुली हुई थी। जब उन्होंने डिक्की की जांच की तो उसमें रखे ढाई लाख रुपये गायब मिले। अचानक इतनी बड़ी रकम गायब होने से वे परेशान हो गए। उन्होंने बताया कि जरूरी काम के लिए बैंक से रुपये निकाले थे, लेकिन अज्ञात चोर ने पैसे चोरी कर उन्हें मुश्किल में डाल दिया।


CCTV में कैद हुई चोरी की वारदात

घटना की सूचना मिलते ही बारसोई पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू कर दी। फुटेज में कथित तौर पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के पास पहुंचता, उसकी डिक्की खोलता और रुपये लेकर वहां से निकलता दिखाई दे रहा है।


थाना से कुछ ही दूरी पर हुई इस चोरी ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान और चोरी हुए रुपये की बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।

श्याम की रिपोर्ट