Bihar Crime: जिसके हाथों में सजनी थी मेहंदी, 3 दिन पहले प्रेम का हुआ खौफनाक अंत, साजिश जान कर हैरत में पड़ जाएंगे आप

Bihar Crime: शादी की खुशियां मनाने की तैयारी कर रहे परिवार को उस वक्त गहरा सदमा लगा, जब 23 वर्षीय गर्भवती युवती की हत्या का खुलासा हुआ।..

शादी से 3 दिन पहले खूनी खेल!- फोटो : X

Bihar Crime: किशनगंज जिले के पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के काला सिंधिया गांव में एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शादी की खुशियां मनाने की तैयारी कर रहे परिवार को उस वक्त गहरा सदमा लगा, जब 23 वर्षीय गर्भवती युवती की हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, युवती की हत्या उसके होने वाले पति ने शादी से महज तीन दिन पहले अपने पिता और भाई के साथ मिलकर कर दी थी। युवती छह माह की गर्भवती थी। बुधवार को एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने पूरे मामले की तफ्तीश का ब्यौरा देते हुए बताया कि मुख्य आरोपी बासिद आलम को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, काला सिंधिया गांव निवासी जितालु ने 14 नवंबर को पहाड़कट्टा थाने में अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि सुबह करीब चार बजे जब वह बेटी को नमाज पढ़ने के लिए जगाने पहुंचे, तो वह बिस्तर पर मौजूद नहीं थी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने कांड संख्या 297/26 दर्ज कर छानबीन शुरू की। एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। अगले दिन 15 नवंबर को गांव के ही एक खेत में गड्ढे से युवती का शव बरामद हुआ। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

पुलिसिया तफ्तीश में सामने आया कि युवती का पिछले एक साल से बासिद आलम के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की शादी 16 नवंबर को तय हुई थी। बताया गया कि पंचायत और परिजनों के दबाव में शादी की तारीख मुकर्रर की गई थी, लेकिन बासिद और उसका परिवार इस रिश्ते को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं था। इसी शादी से बचने के लिए हत्या की साजिश रची गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 13 नवंबर की रात करीब साढ़े दस बजे उसने युवती को मिलने के बहाने घर के समीप स्थित आंगनबाड़ी केंद्र बुलाया था। वहां युवती के ही दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को पास के खेत में ले जाकर कुदाल से गड्ढा खोदा गया और मिट्टी डालकर छिपा दिया गया। वारदात में पिता सलीमुद्दीन और भाई की संलिप्तता भी पुलिस ने बताई है। हालांकि, दोनों की गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है।

घटना के बाद आरोपी और उसका परिवार घर छोड़कर फरार हो गया था। तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 17 नवंबर को पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे रतनपुर गांव में छापेमारी कर 24 वर्षीय बासिद आलम को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घर के पीछे बांसबिट्टा के समीप से हत्या में इस्तेमाल की गई कुदाल भी बरामद की गई। कार्रवाई में पुलिस की विशेष टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।