सीएम सम्राट के सामने मंत्री निशांत के साथ ऐसा बर्ताव क्यों? जदयू के नीरज ने खोला मोर्चा, कार्रवाई की मांग

नीरज कुमार ने सवाल उठाया कि निशांत कुमार वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री हैं और उन्हें निर्धारित सुरक्षा भी प्राप्त है। वे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ ही सरकारी दौरे पर गए थे। ऐसे में मुख्यमंत्री के पास खड़े मंत्री के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों क

JDU Neeraj Kumar
JDU Neeraj Kumar - फोटो : news4nation

Nishant :  बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से जुड़ा एक वीडियो चर्चा का विषय बन गया है। वैशाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री और उनके साथ मौजूद मंत्री निशांत कुमार के बीच उस वक्त असहज स्थिति पैदा हो गई, जब एक सुरक्षाकर्मी ने निशांत कुमार को मुख्यमंत्री के पास से हटने का इशारा करते हुए पीछे कर दिया। इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।


मामले को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने कड़ी नाराजगी जताई है। पार्टी के प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने इस घटना को दुखद और पीड़ाजनक बताते हुए संबंधित सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय को इस मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।


नीरज कुमार ने सवाल उठाया कि निशांत कुमार वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री हैं और उन्हें निर्धारित सुरक्षा भी प्राप्त है। वे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ ही सरकारी दौरे पर गए थे। ऐसे में मुख्यमंत्री के पास खड़े मंत्री के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया गया? क्या यह महज सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा था या फिर जानबूझकर ऐसा किया गया? जदयू प्रवक्ता ने पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की है।


मीडिया से बातचीत के दौरान हुई घटना

दरअसल, यह पूरा मामला 18 नवंबर का है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे की तैयारियों का जायजा लेने वैशाली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल यानी 'नीतीश सेतु' का निरीक्षण किया। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत कई मंत्री और अधिकारी भी मौजूद थे।


निरीक्षण के बाद जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मीडिया से बातचीत करने के लिए आगे बढ़े, तभी निशांत कुमार भी उनके करीब पहुंचने लगे। इसी दौरान मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात एक बॉडीगार्ड ने हाथ लगाकर उन्हें पीछे कर दिया। इसके बाद निशांत कुमार वहां से दूसरी तरफ चले गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया। हालांकि, सुरक्षाकर्मी ने ऐसा किस सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत किया, इस पर अब तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। 

 

नीतीश सेतु को लेकर निशांत ने क्या कहा?

इस घटना के बीच निशांत कुमार का बयान भी चर्चा में है। उन्होंने 'नीतीश सेतु' का नाम अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को गर्व का विषय बताया। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने बिहार के विकास के लिए जो काम किया है, यह पुल उसका एक प्रतीक है। 

 

नीरज कुमार का लालू परिवार पर भी हमला

जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस पूरे मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार और तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की परेशानी यह है कि पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है।


नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि लालू परिवार और तेजस्वी यादव राघोपुर की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद वे आम लोगों के सुख-दुख में खड़े नहीं रहते। नीरज ने हाल में आई गंगा की बाढ़ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि बाढ़ के दौरान भी तेजस्वी यादव प्रभावित लोगों से दूर रहे।