Bihar Crime:कांग्रेस नेता की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सात गोलियों से दहला इलाका

Bihar Crime:बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी।...

Bihar Crime:कांग्रेस नेता की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सात
कांग्रेस नेता की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग,- फोटो : X

Bihar Crime:बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। बेगूसराय जिले में बुधवार की दोपहर बाइक सवार दो अपराधियों ने जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष गौरव कुमार की सफारी गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। इस सनसनीखेज वारदात में गाड़ी पर सात गोलियां लगीं, हालांकि गाड़ी में सवार कांग्रेस नेता समेत तीनों लोग बाल-बाल बच गए।

जानकारी के मुताबिक, गौरव कुमार पपरौर में अपना निजी काम निपटाकर सफारी गाड़ी से बेगूसराय लौट रहे थे। इसी दौरान जीरोमाइल सहायक थाना क्षेत्र के पपरौर कब्रिस्तान के समीप एनएच-31 पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाकर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरातफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से बेगूसराय की ओर फरार हो गए।

घटना के बाद गौरव कुमार पुलिस के पास पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमलावरों को पहचान नहीं सके। गौरव कुमार वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल सिंह के पुत्र बताए जाते हैं। हमले के वक्त गाड़ी में चालक समेत तीन लोग सवार थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। ओपी अध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि कांग्रेस नेता के आवेदन पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सदर एसडीपीओ-द्वितीय दुर्गा शक्ति ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी है।प्रारंभिक तौर पर जमीन विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर तफ्तीश कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।