Bihar Crime: पिस्टल लहराकर रील बनाना पड़ा महंगा, इंटर छात्र को लगी गोली ,आरोपी छात्र गिरफ्तार
Bihar Crime:दो दोस्तों के बीच रील बनाते समय गोली चल गई। इस हादसे में इंटर का एक छात्र चंद्रकांत साह गंभीर रूप से घायल हो गया।
Bihar Crime:सोशल मीडिया पर रील्स बनाने की सनक अब जानलेवा साबित हो रही है। ताज़ा मामला मधुबनी जिले के झंझारपुर अनुमंडल के भैरवस्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत काको गांव से सामने आया है, जहां दो दोस्तों के बीच रील बनाते समय गोली चल गई। इस हादसे में इंटर का एक छात्र चंद्रकांत साह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, चंद्रकांत और उसका दोस्त सूरज प्रताप सिंह एक बंद घर में पिस्टल के साथ मोबाइल रील बना रहे थे, उसी दौरान पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जो चंद्रकांत के गाल में जा लगी।
घायल अवस्था में उसे मधुबनी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां ऑपरेशन कर गोली निकाली गई। डॉक्टरों ने उसकी हालत अब स्थिर बताई है।
घटना की सूचना मिलते ही चंद्रकांत के पिता राम बाबू साह (निवासी: नैनाघाट, दरभंगा) ने भैरवस्थान थाने में लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने सूरज प्रताप सिंह (पिता: ब्रह्मदेव सिंह, निवासी: काको गांव) को शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर लिया।
सूरज पर जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वह भी प्लस टू संतनगर स्कूल का इंटर छात्र है।
पुलिस पूछताछ में सूरज ने कबूला कि उसने पांच महीने पहले नेपाल के जनकपुर में एक व्यक्ति से ₹15,000 में स्टार सेवन पिस्टल खरीदी थी।
वह अपने दोस्त चंद्रकांत के साथ घर में फिल्मी स्टाइल में रील शूट कर रहा था, तभी गलती से ट्रिगर दब गया और हादसा हो गया।
हालांकि, अब तक पिस्टल बरामद नहीं हो सकी है। पुलिस को घटनास्थल से एक खाली कारतूस (खोखा) और एक भरा हुआ मैगजीन मिला है।
यह घटना एक बड़ी चेतावनी है उन युवाओं के लिए, जो वायरल होने की होड़ में जानलेवा हथियारों के साथ वीडियो बनाना फैशन समझते हैं।
ऐसे मामलों में न सिर्फ़ कानून का उल्लंघन होता है, बल्कि जान पर भी बन आती है।