मोतिहारी में स्वर्ण व्यवसायी को दो गोली लगने से हड़कंप, बैग में था लाखों रुपए का आभूषण

सुजीत कुमार भूअन छपरा स्थित अपनी आभूषण की दुकान बंद कर बैग लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बांसघाट से करीब आधा किलोमीटर पहले बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

Motihari Goldsmith Shot - फोटो : news4nation

Bihar News :  मोतिहारी के चकिया थाना क्षेत्र में एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारने की घटना सामने आई है। बांसघाट चेवर के पास बाइक सवार बदमाशों द्वारा व्यवसायी को गोली मारकर आभूषण से भरा बैग लूटने की बात सामने आई थी। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में लूट की घटना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


घायल स्वर्ण व्यवसायी की पहचान बांसघाट निवासी अवध किशोर साह के 28 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। उन्हें गोली लगने के बाद मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।


दुकान बंद कर घर लौट रहे थे व्यवसायी

जानकारी के अनुसार, सुजीत कुमार भूअन छपरा स्थित अपनी आभूषण की दुकान बंद कर बैग लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बांसघाट से करीब आधा किलोमीटर पहले बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। सुजीत के अनुसार, विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें दो गोलियां मार दीं और आभूषण से भरा बैग लेकर फरार हो गए।


घायल व्यवसायी ने दावा किया कि बैग में करीब 300 ग्राम सोना और चार किलो चांदी के आभूषण थे। इनकी कीमत लाखों रुपये बताई गई है।


पिता ने बताया- बैग लूटने में सफल नहीं हुए बदमाश

वहीं, घायल व्यवसायी के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बाइक सवार अपराधियों ने आभूषण से भरा बैग छीनने का प्रयास किया था। बैग छीनने के दौरान बदमाशों ने सुजीत को दो गोली मार दी, लेकिन वे आभूषण से भरा बैग लूटने में सफल नहीं हुए।


एसपी ने कहा- लूट की पुष्टि नहीं

मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि स्वर्ण व्यवसायी से आभूषण लूटे जाने की घटना सामने नहीं आई है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि व्यवसायी पर पूर्व में चाकू से हमला किए जाने की घटना भी सामने आई थी। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

हिमांशु की रिपोर्ट