मोतिहारी में आइसक्रीम खाते ही बच्चों के मुंह में जलन, होंठ से निकलने लगा खून, कई छात्र बीमार

बच्चों ने आइसक्रीम खाते ही मुंह में तेज जलन होने और होंठ आपस में चिपकने की शिकायत की। एक बच्चे के होंठ से खून निकलने की बात भी सामने आई है।

Motihari Ice Cream Incident- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के मोतिहारी में स्कूल के गेट पर आइसक्रीम खाने के बाद करीब आधा दर्जन बच्चों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है। बच्चों ने आइसक्रीम खाते ही मुंह में तेज जलन होने और होंठ आपस में चिपकने की शिकायत की। एक बच्चे के होंठ से खून निकलने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में बीमार बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आइसक्रीम बेचने वाले व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।


घटना मोतिहारी जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र स्थित गायघाट उच्च विद्यालय के गेट के पास की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल बच्चों के बीमार होने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।


आइसक्रीम खाते ही शुरू हुई परेशानी

जानकारी के अनुसार, गायघाट हाईस्कूल के गेट के पास कोटवा की बेस्ट चॉइस आइसक्रीम का ठेला लेकर एक व्यक्ति पहुंचा था। स्कूल के आसपास मौजूद बच्चों ने उससे आइसक्रीम खरीदकर खाई। कुछ ही देर बाद बच्चों के मुंह में जलन होने लगी और होंठ आपस में चिपकने की शिकायत सामने आई।


बीमार बच्चों में उज्जैनलोहियार गांव का सुमित कुमार भी शामिल है। सुमित के अनुसार, आइसक्रीम खाने के दौरान ही उसके मुंह में जलन शुरू हो गई। जब उसने किसी तरह आइसक्रीम को मुंह से बाहर निकाला, तो उसके होंठ से खून निकलने लगा। इसके बाद देखते ही देखते पांच से छह अन्य बच्चे भी बीमार पड़ गए।


पुलिस ने आइसक्रीम विक्रेता को हिरासत में लिया

बच्चों की हालत देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर हरसिद्धि थाना की गश्ती गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस आइसक्रीम बेचने वाले व्यक्ति को पकड़कर थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। हरसिद्धि थाना के अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आइसक्रीम विक्रेता से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही बच्चों के बीमार होने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


आइसक्रीम की जांच से स्पष्ट होगी वजह

इस घटना के बाद आइसक्रीम की गुणवत्ता और उसमें इस्तेमाल की गई सामग्री को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चों की तबीयत आइसक्रीम में किसी हानिकारक पदार्थ की मौजूदगी, गुणवत्ता में गड़बड़ी या किसी अन्य कारण से बिगड़ी। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है। बच्चों की बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए आइसक्रीम की जांच से जुड़ी जानकारी सामने आना महत्वपूर्ण होगा।

हिमांशु की रिपोर्ट