Bihar Crime: अवैध करेंसी एक्सचेंज का भंडाफोड़, मिठाई दुकान से भारी नकदी बरामद,STF-पुलिस की संयुक्त छापेमारी से मचा हड़कंप
Bihar Crime:भारत-नेपाल सीमा पर चल रहे अवैध करेंसी एक्सचेंज नेटवर्क पर पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
Bihar Crime:भारत-नेपाल सीमा पर चल रहे अवैध करेंसी एक्सचेंज नेटवर्क पर पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मोतीहारी के रक्सौल में भारत-नेपाल सीमा पर चल रहे अवैध करेंसी एक्सचेंज नेटवर्क पर पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस संयुक्त छापेमारी में करीब 30 लाख रुपये की अवैध नकदी बरामद की गई है, जिसमें नेपाली और भारतीय दोनों मुद्राएं शामिल हैं।
यह कार्रवाई बुधवार शाम उस वक्त हुई जब रक्सौल थाना पुलिस और पटना एसटीएफ की टीम ने सब्जी बाजार स्थित एक मिठाई दुकान पर अचानक दबिश दी। प्रशिक्षु आईपीएस सह थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई इस रेड में वहां से 17 लाख 85 हजार नेपाली रुपये और 13 लाख भारतीय रुपये बरामद किए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बाजार में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, उन्हें लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि सीमा क्षेत्र में अवैध तरीके से करेंसी एक्सचेंज का धंधा चल रहा है, जिसमें स्थानीय स्तर पर एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। सूचना की पुष्टि के बाद एसटीएफ के साथ मिलकर यह संयुक्त अभियान चलाया गया।छापेमारी के दौरान मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनकी पहचान नकरदेई थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद साहेब और रक्सौल के कौड़ीहार निवासी रतन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि मोहम्मद साहेब इस अवैध करेंसी एक्सचेंज नेटवर्क को संचालित कर रहा था, जबकि रतन कुमार वहां पैसे बदलवाने के लिए पहुंचा था।
दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे रैकेट के पीछे छिपे बड़े नेटवर्क, फाइनेंसर और सीमा पार कनेक्शन का खुलासा किया जा सके। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह ने साफ कहा है कि भारत-नेपाल सीमा पर किसी भी तरह की अवैध आर्थिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे नेटवर्क के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। स्थानीय लोगों के बीच इस छापेमारी की चर्चा तेज है और इसे सीमा क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।कुल मिलाकर, इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि बॉर्डर एरिया में चल रहे अवैध करेंसी कारोबार पर पुलिस अब सख्त मोड में आ चुकी है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार