Bihar Crime: थानाध्यक्ष समेत 2 दारोगा सस्पेंड, शराब तस्कर को केक खिलाना पड़ा भारी, तस्वीर वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई

Bihar Crime: शराब तस्कर के साथ पुलिस पदाधिकारियों की कथित यारी और केक खिलाते हुए तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।...

थानाध्यक्ष समेत 2 दारोगा सस्पेंड- फोटो : reporter

 Bihar Crime: शराब तस्कर के साथ पुलिस पदाधिकारियों की कथित यारी और केक खिलाते हुए तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल फोटो ने महकमे की कार्यशैली और पुलिस की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। प्रारंभिक जांच के बाद मोतिहारी पिपरा थानाध्यक्ष सतीश कुमार और पुलिस पदाधिकारी विपिन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल तस्वीर में पिपरा थाना के थानाध्यक्ष पु०अ०नि०/684 सतीश कुमार और पु०अ०नि०/685 विपिन कुमार शराब तस्करी के आरोपी बिट्टू कुमार को केक खिलाते दिखाई दे रहे हैं। बिट्टू कुमार, दिनेश कुमार मिश्रा का पुत्र है और महारानी गांव, पिपरा थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। तस्वीर सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने पूरे मामले की प्रारंभिक पड़ताल कराई।

जांच के दौरान सामने आया कि दोनों पुलिस पदाधिकारी आरोपी-सह-शराब तस्कर बिट्टू कुमार के साथ बर्थडे अथवा किसी अन्य उत्सव में शामिल हुए थे और वहां तस्वीरें खिंचवाई गई थीं। पुलिस के अनुसार बिट्टू कुमार के खिलाफ शराब तस्करी से संबंधित आपराधिक इतिहास दर्ज है। उसके विरुद्ध पिपरा थाना कांड संख्या-304/24 तथा गोपालगंज उत्पाद थाना कांड संख्या-167/20 उत्पाद अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।

तस्कर के साथ नजदीकी ने पुलिस की साख पर दाग लगाया

विभाग ने माना कि शराब तस्करी के आरोपी के साथ इस तरह की तस्वीर सामने आने से आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति अविश्वास और असंतोष पैदा हो सकता है। साथ ही शराब के अवैध कारोबार में लिप्त तत्वों के मनोबल को बढ़ावा मिलने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

शराबबंदी कानून के उल्लंघन पर शिकंजा कसने की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों का आरोपी के साथ इस तरह सार्वजनिक रूप से दिखाई देना विभागीय अनुशासन और पुलिस आचरण के खिलाफ माना गया। इस कृत्य से पुलिस की छवि और वर्दी की गरिमा भी धूमिल हुई।

विभाग ने दिखाई सख्ती, दोनों पर गिरी निलंबन की गाज

मामले को गंभीरता से लेते हुए पिपरा थानाध्यक्ष सतीश कुमार और पुलिस पदाधिकारी विपिन कुमार को संदिग्ध आचरण तथा पुलिस आचरण के प्रतिकूल कार्य करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि अपराधियों और शराब तस्करों के साथ संदिग्ध मेलजोल को लेकर विभाग अब सख्त रुख अपना रहा है। वायरल तस्वीर ने जिस तरह पूरे मामले को सार्वजनिक किया, उसके बाद हुई कार्रवाई ने पुलिसकर्मियों के आचरण और जवाबदेही को लेकर भी कड़ा संदेश दिया है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार