Bihar Crime: छह इंच जमीन के लिए खून-खराबा, बेटे की चाकू मारकर हत्या, पिता घायल

Bihar Crime: लंबे समय से चल रहा आपसी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें 33 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि...

6 इंच जमीन के लिए खून-खराबा- फोटो : reporter

Bihar Crime: लंबे समय से चल रहा आपसी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें 33 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पूर्वी चंपारण के शिकारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चमही गांव में महज छह इंच जमीन के विवाद ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। मृतक की पहचान आलोक पटेल के रूप में हुई है, जो गांव निवासी रामचंद्र राउत का पुत्र था। बताया जा रहा है कि पड़ोसी शंकर साह के परिवार के साथ जमीन को लेकर पिछले एक सप्ताह से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत भी हुई थी और 25 मई को अमीन बुलाकर जमीन की नापी कराने का फैसला लिया गया था।

परिजनों के अनुसार, विवाद के बीच अचानक आरोपी पक्ष घर पहुंच गया और गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान जब आलोक अपने पिता को बचाने पहुंचे, तब संतोष साह ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि चाकू सीधे उनके सीने में लगा, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हमले में उनके पिता भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मृतक के घर में मातम पसर गया।स्थानीय लोगों के अनुसार आलोक पटेल परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसके दो छोटे बच्चे हैं और पूरा परिवार उसी की कमाई पर निर्भर था। वह वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। अचानक हुई इस वारदात के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोपाल कुमार ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी संतोष साह की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच कर रही है। चार महिलाओं समेत कई लोगों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मामूली जमीन विवाद किस तरह हिंसक रूप लेकर परिवारों को तबाह कर रहे हैं। गांव में फिलहाल तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार