Bihar Crime: कोर्ट में हाईवोल्टेज ड्रामा, सरेंडर के बाद महिला पुलिस को चकमा देकर फरार, पुलिस महकमे में हड़कंप
Bihar Crime:न्यायालय परिसर उस वक्त हड़कंप का केंद्र बन गया जब एक विचाराधीन महिला आरोपी सरेंडर करने के कुछ ही देर बाद पुलिस की कड़ी निगरानी को चकमा देकर फरार हो गई। ..
Bihar Crime:न्यायालय परिसर उस वक्त हड़कंप का केंद्र बन गया जब एक विचाराधीन महिला आरोपी सरेंडर करने के कुछ ही देर बाद पुलिस की कड़ी निगरानी को चकमा देकर फरार हो गई। यह घटना न सिर्फ पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है, बल्कि न्यायिक सुरक्षा व्यवस्था की चूक को भी उजागर कर रही है।
मामला मोतीहारी के मेहसी थाना कांड संख्या 344-18 से जुड़ा है, जिसमें भिमलपुर डेरवा निवासी मीरा देवी ने शुक्रवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। उसी दिन एक अन्य आरोपी पांचू दास ने भी न्यायालय में सरेंडर किया। लेकिन सरेंडर की यह प्रक्रिया जल्द ही एक बड़े हंगामे में बदल गई।
सूत्रों के अनुसार, आत्मसमर्पण के बाद न्यायिक अभिरक्षा की प्रक्रिया चल रही थी, तभी मीरा देवी ने भीड़ और अफरातफरी का फायदा उठाते हुए पुलिस को चकमा दिया और कोर्ट परिसर से फरार हो गई। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए।
घटना के बाद मोतीहारी न्यायालय परिसर और आसपास के इलाकों में तुरंत घेराबंदी कर दी गई। पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी भी की, लेकिन आरोपी महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका। इस घटना से कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। न्यायालय के सहायक अभिमन्यु कुमार ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। इंस्पेक्टर राजीव रंजन के अनुसार, फरार महिला की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और मेहसी थाना पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।
बता दें 25 सितंबर 2018 को भिमलपुर डेरवा में विंदेश्वरी दास पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें मीरा देवी समेत कई लोगों पर आरोप लगे थे। उसी मामले में दबिश के चलते आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर किया था। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद आरोपी महिला न्यायालय परिसर से कैसे फरार हो गई। पुलिस के लिए यह मामला अब एक बड़ी चुनौती बन गया है।
रिपार्ट हिमांशु कुमार