Bihar Crime: नकली सिगरेट का बड़ा खेल बेनकाब, लाखों की सिगरेट जब्त, प्रेस लिखे पिकअप से जा रही थी खेप
Bihar Crime: वाहन जांच के दौरान पुलिस ने नकली और अवैध सिगरेट की बड़ी खेप पकड़ी है। ...
Bihar Crime: मुंगेर मुफस्सिल थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने नकली और अवैध सिगरेट की बड़ी खेप पकड़ी है। बांक मोड़ के समीप पुलिस ने एक पिकअप वाहन की तलाशी लेकर करीब चार लाख आठ हजार सिगरेट बरामद की। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद सिगरेट में गोल्ड फ्लैक समेत विभिन्न ब्रांड की सिगरेट शामिल बताई जा रही है। पुलिस अब इस कथित अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मुफस्सिल थाना पुलिस बांक मोड़ के समीप नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान बीआर 09जीसी-9392 नंबर के पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के भीतर सिगरेट से भरे दर्जनों कार्टून देखकर पुलिस ने जब चालक से संबंधित वैध कागजात मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पूरी खेप और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।
इस कार्रवाई में राजू कुमार उर्फ रणवीर को गिरफ्तार किया गया है। वह हेमजापुर थाना क्षेत्र के छर्रापट्टी शिवकुंड का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चालक ने बताया कि वह पिकअप भाड़े पर चलाता है और मिन्नत नगर निवासी मोहम्मद राजा के कहने पर सिगरेट की खेप लेकर भागलपुर जा रहा था।
मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। कथित अवैध कारोबार में इस्तेमाल पिकअप वाहन के आगे के शीशे पर ‘प्रेस’ लिखा हुआ था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वाहन पर प्रेस लिखने का मकसद क्या था और क्या इसके जरिए जांच से बचने की कोशिश की जा रही थी।
एसपी सैयद इमरान मसूद के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन पर भारी मात्रा में नकली और अवैध सिगरेट लादकर भागलपुर में डिलीवरी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा।
पुलिस ने चालक राजू कुमार उर्फ रणवीर और मोहम्मद राजा के खिलाफ मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पुलिस जब्त सिगरेट की जांच के साथ-साथ खेप के स्रोत, डिलीवरी लेने वालों और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों का सुराग जुटा रही है। पूछताछ और जांच के बाद इस कथित अवैध कारोबार के नेटवर्क में शामिल अन्य चेहरों पर भी शिकंजा कसने की संभावना है।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान