Bihar Crime: सिक्सर गैंग का कहर! सर्राफा कारोबारी सेलाखों के जेवरात लूट, बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि अब बदमाश बेखौफ होकर पुलिस को सीधी चुनौती देने लगे हैं। ...

फिल्मी अंदाज में वारदात- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि अब बदमाश बेखौफ होकर पुलिस को सीधी चुनौती देने लगे हैं। मुजफ्फरपुर जिले में लगातार हो रही लूट, छिनतई और वारदातों के बीच एक बार फिर हथियारबंद अपराधियों ने सर्राफा कारोबारी को अपना निशाना बनाकर इलाके में सनसनी फैला दी। ताजा मामला मुजफ्फरपुर  के पानापुर करियात थाना क्षेत्र का है, जहां तीन बाइक पर सवार तकरीबन छह नकाबपोश बदमाशों ने लाखों रुपये के आभूषण लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक पारसनाथ ज्वेलर्स के प्रोपराइटर धीरज कुमार अपनी दुकान शेरुकाही चौक से बंद कर हरिदासपुर स्कूल रोड होते हुए अपने घर मनपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने सुनसान रास्ते पर उन्हें घेर लिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने बेहद फिल्मी अंदाज में कारोबारी की बाइक रुकवाई और हथियार का खौफ दिखाकर उनके पास मौजूद करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूरी वारदात महज कुछ मिनटों में अंजाम दी गई। अपराधियों का अंदाज इतना पेशेवर था कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। लूट को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश तीन बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की खबर मिलते ही पानापुर करियात थाना की प्रभारी सुचित्रा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी वेस्ट भी घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित कारोबारी से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें दबोचा जा सके।

सूत्रों की मानें तो बीते एक सप्ताह के अंदर मुजफ्फरपुर में लूट और छिनतई की कई वारदातें सामने आ चुकी हैं। हालांकि पुलिस कुछ मामलों का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा कर रही है, लेकिन बदमाशों का मनोबल टूटने का नाम नहीं ले रहा। लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक अपराधी यूं ही वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की नाक के नीचे से फरार होते रहेंगे। मुजफ्फरपुर में बढ़ते जुर्म ने आम लोगों और कारोबारियों की नींद उड़ा दी है, जबकि पुलिस के सामने अपराधियों पर शिकंजा कसने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा