Bihar Crime:गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला बिहार, वार्ड सदस्य के घर पर आधी रात बरसीं गोलियां, इलाके में दहशत

Bihar Crime: अपराधियों ने वार्ड सदस्य के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।...

गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला बिहार- फोटो : reporter

Bihar Crime: देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब अपराधियों ने वार्ड सदस्य के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की गूंज से पूरा इलाका सहम उठा। यह वारदात मुजफ्फरपुर के बोचहा थाना क्षेत्र के बलथी रसूलपुर पंचायत, वार्ड संख्या 15 में हुई, जहां वार्ड सदस्य शमशाद आलम के घर पर हमला बोला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन बाइकों पर सवार होकर करीब आधा दर्जन हमलावर आधी रात के बाद पहुंचे। आते ही उन्होंने बिना किसी चेतावनी के गोलियों की बौछार कर दी। तड़तड़ाती गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में घरों में दुबक गए। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने वार्ड सदस्य के घर को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की और फिर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

प्रारंभिक जानकारी में पुरानी रंजिश का एंगल सामने आ रहा है। चर्चा है कि पड़ोसी गांव के कुछ बदमाशों के साथ पहले से विवाद चल रहा था, जो इस खूनी वारदात की वजह बन सकता है। हालांकि पुलिस अभी इस पहलू की तफ्तीश में जुटी है और किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले सबूत खंगाल रही है।

घटना के बाद मौके से कई खोखा बरामद होने की बात सामने आई है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन दहशत का माहौल कायम है।

सूचना मिलते ही बोचहा थाना की पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की बात भी सामने आ रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वार्ड सदस्य से भी पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल, यह वारदात इलाके में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। आधी रात चली गोलियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपसी रंजिश कब खूनी रूप ले ले, कहना मुश्किल है। अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी पर टिकी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा