Bihar Crime: बिहार में कारोबारी की गोली मारकर हत्या, इलाज के दौरान तोड़ा दम, अपराधियों के ताडंव से मचा हड़कंप

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ वारदात को अंजाम दिया है।

कारोबारी की गोली मारकर हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ वारदात को अंजाम दिया है। देर रात अज्ञात बदमाशों ने दूध कारोबारी संजय कुमार को गोली मार दी। गंभीर रूप से जख्मी संजय की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना बरियारपुर थाना क्षेत्र के भसौन और राजापकड़ के बीच की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान वाजितपुर अशोक गांव निवासी संजय कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ग्रामीण इलाके में दूध के कारोबार से जुड़े हुए थे और इसी व्यवसाय के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। देर रात जब वह भसौन-राजापकड़ मार्ग के बीच थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल कारोबारी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। संजय की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद स्थानीय इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चा है कि आखिर दूध कारोबारी की हत्या के पीछे क्या वजह रही होगी। हालांकि, वारदात की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

इधर, सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। बदमाशों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की तफ्तीश के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा