Bihar Crime: झोपड़ी में छिपाकर रखी थी शराब की बड़ी खेप, शराबबंदीवाले सूबे में 9 लाख की विदेशी शराब जब्त

Bihar Crime: अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक झोपड़ी से करीब 9 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की है।...

शराबबंदीवाले सूबे में 9 लाख की विदेशी शराब जब्त- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान गायघाट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक झोपड़ी से करीब 9 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से 89 कार्टून शराब जब्त की है। हालांकि छापेमारी के दौरान किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस अब बरामद शराब के आधार पर तस्करों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।

मुजफ्फरपुर के पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गायघाट थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के गयासुद्दीनपुर में एक झोपड़ी के भीतर विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और पुलिस टीम के साथ बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही इलाके में हलचल मच गई। तलाशी के दौरान झोपड़ी से 89 कार्टून विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया।

हालांकि देर रात हुई कार्रवाई के दौरान झोपड़ी में कोई तस्कर मौजूद नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई की भनक लगने या मौके पर पहले से मौजूद नहीं होने के कारण आरोपी फरार होने में सफल रहे। अब पुलिस शराब की खेप किसने मंगाई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, इसकी पड़ताल में जुटी है।डीएसपी ईस्ट वन अलय वत्स ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गायघाट थाना पुलिस ने गयासुद्दीनपुर स्थित झोपड़ी में छापेमारी कर 89 कार्टून विदेशी शराब बरामद की है। मौके से किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हुई है। शराब जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा