मुजफ्फरपुर फिर गोलियों की गूंज से दहला! रोहुआ बाजार में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत, जिंदगी और मौत से जूझ रहा प्रभात झा

Bihar Crime: बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल बन गया।

मुजफ्फरपुर फिर गोलियों की गूंज से दहला- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार का मुजफ्फरपुर एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से कांप उठा है। बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल बन गया। मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ बाजार में अपराधियों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिसके बाद बाजार इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान मुशहरी थाना क्षेत्र के पहलादपुर गांव निवासी प्रभात झा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रभात झा अपने गांव से किसी काम से रोहुआ बाजार पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोलियों की आवाज से पूरा बाजार दहल उठा। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और कुछ ही सेकंड में पूरा इलाका भगदड़ और दहशत में बदल गया। अपराधियों ने प्रभात झा पर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें उन्हें कई गोलियां लगने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रभात झा खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी है।

इधर घटना की सूचना मिलते ही मुशहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है, जबकि वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती तौर पर पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या आपराधिक गैंगवार जैसे पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

इस वारदात ने एक बार फिर मुजफ्फरपुर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते मनोबल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है और वे खुलेआम बाजारों में गोलीबारी कर रहे हैं। फिलहाल पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील है और लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। अब सबकी निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर इस खूनी हमले के पीछे कौन लोग हैं और कब तक वे कानून के शिकंजे में आएंगे।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा