Bihar Crime: खुद बनाए वीडियो से फंसे युवक, थाने पर पहुंचकर पुलिस को दी धमकी, सभी युवक सलाखों के पीछे
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक दोस्त की गिरफ्तारी से नाराज युवकों ने थाने के बाहर जमकर हंगामा किया ....
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक दोस्त की गिरफ्तारी से नाराज युवकों ने थाने के बाहर जमकर हंगामा किया और खुद से वीडियो बनाकर पुलिस को धमकियां तक दे डाली। यह पूरा मामला जजुआर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव के पास का बताया जा रहा है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और चर्चा दोनों पैदा कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब ढाई बजे ग्रामीण थाना पुलिस अपने क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे कुछ बाइक सवार संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को धर दबोचा और उसे पूछताछ के लिए थाने ले आई। जांच में पकड़े गए युवक की पहचान सीतामढ़ी जिले के नानपुर निवासी अमर कुमार के रूप में हुई, जिसके शराब के नशे में होने की पुष्टि भी की गई।
इसी गिरफ्तारी से बौखलाए उसके दोस्त आगबबूला हो गए। कुछ ही देर में आधा दर्जन युवक थाने के मुख्य गेट पर पहुंच गए और वहां पहुंचते ही माहौल बिगड़ गया। आरोप है कि इन युवकों ने न सिर्फ पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की, बल्कि मोबाइल से वीडियो बनाते हुए खुलेआम थाने को फूंक देने और हमला करने की धमकी भी दी। वीडियो में कथित तौर पर यह भी कहा गया कि अगर उनके साथी को नहीं छोड़ा गया तो वे बड़ा उत्पात मचाएंगे।
हालात बिगड़ते देख पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मौके से सभी छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अमर कुमार, दीपू कुमार, बबुआ साहब, शिवशंकर कुमार सहित अन्य युवक शामिल हैं, जो सीतामढ़ी और स्थानीय इलाके के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से दोनों बाइक भी जब्त कर ली है।
पुलिस जांच में सभी आरोपियों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिन वीडियो को आरोपी खुद रिकॉर्ड कर रहे थे, वही अब उनके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत बन गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो साक्ष्य के तौर पर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
घटना के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है कि आखिर रात के समय ये युवक एक साथ क्यों इकट्ठा हुए थे। क्या यह सिर्फ दोस्त की गिरफ्तारी का गुस्सा था या किसी बड़ी आपराधिक साजिश की तैयारी, इस एंगल से भी जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शराब के नशे और सोशल मीडिया के दिखावे में युवा किस तरह कानून को खुली चुनौती देने से भी नहीं चूक रहे हैं।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा