Bihar Crime: अधजला शव बरामद,पहचान छिपाने के लिए शव जलाने की कोशिश, फॉरेंसिक जांच शुरू
Bihar Crime: एक अधेड़ शख्स का अधजला शव बरामद हुआ।...
Bihar Crime: नालंदा के लहेरी थाना इलाके में उस वक्त खौफ और दहशत का माहौल बन गया, जब रामचंद्रपुर बाजार समिति में एक अधेड़ शख्स का अधजला शव बरामद हुआ। सुबह-सुबह जब दुकानदार अपने रोजमर्रा के काम के लिए पहुंचे, तो दुकान नंबर-14 के पास काउंटर के नजदीक पड़ी जली हुई लाश देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मंजर इतना खौफनाक था कि साफ जाहिर हो रहा था यह कोई साधारण मौत नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साज़िश का नतीजा है। बदमाशों ने कत्ल के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए बाजार समिति को चुना और पहचान मिटाने के लिए लाश पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। मगर उनकी ये चाल पूरी तरह कामयाब नहीं हो सकी और राज बाहर आ गया।
प्रथम नजर में पुलिस को शक है कि वारदात कहीं और अंजाम दी गई और फिर सबूत मिटाने के इरादे से शव को यहां लाकर फेंका गया। जिस बेरहमी से लाश को जलाया गया, वो अपराधियों की शातिराना सोच को बयां करता है।
घटना की खबर मिलते ही सदर डीएसपी नुरुल हक फौरन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की नजाकत को देखते हुए पटना से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। मौके पर जले हुए अवशेष, राख और अन्य अहम सुरागों को बारीकी से जुटाया गया, जबकि डॉग स्क्वायड ने आसपास के इलाकों में सुराग तलाशने की कोशिश की।
पुलिस अब बाजार समिति और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि आखिर किस वाहन से इस लाश को यहां लाया गया। वहीं आसपास के दुकानदारों, मजदूरों और रात में मौजूद लोगों से भी पूछताछ जारी है।
फिलहाल, मृतक की पहचान एक पहेली बनी हुई है। पुलिस ने आसपास के जिलों में भी सूचना भेजी है, ताकि गुमशुदगी के मामलों से कोई कड़ी जुड़ सके। इस खौफनाक वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं आखिर कब तक अपराधी यूं ही कानून को चुनौती देते रहेंगे?
रिपोर्ट- राज पाण्डेय