Bihar Crime: डॉक्टर पर जानलेवा हमला और लूट से हड़कंप ,हाईवे पर गैंगस्टर स्टाइल वारदात, SP अभिनव धीमान की ताबड़तोड़ कार्रवाई में 4 गिरफ्तार

Bihar Crime: एक डॉक्टर पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। ...

डॉक्टर पर जानलेवा हमला और लूट से हड़कंप- फोटो : reporter

Bihar Crime:  एक डॉक्टर पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। यह पूरी घटना नवादा के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के हाईवे पर हुई, जहां अपराधियों ने खुलेआम कानून को चुनौती देते हुए एक चिकित्सक को निशाना बनाया और मौके से नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल बन गया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरदला में पदस्थापित डॉक्टर डॉ. संतोष कुमार सुमन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह सुबह अपनी कार से जा रहे थे, तभी पचगांवा और फुलमा के बीच हाईवे पर कुछ बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में अपराधियों ने अपनी गाड़ी आगे लगाकर उनकी कार को रोक लिया और उन्हें बाहर निकलने के लिए दबाव बनाने लगे।जब डॉक्टर ने गाड़ी का दरवाजा नहीं खोला तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया। पत्थरों की बारिश से कार क्षतिग्रस्त हो गई और डर का माहौल पैदा हो गया। जैसे ही मजबूरी में डॉक्टर को दरवाजा खोलना पड़ा, अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट करते हुए उनसे पांच हजार रुपये नकद, एक आईफोन और एक अन्य मोबाइल छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद डॉक्टर ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से भाग निकले। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवादा पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी अभियान चलाते हुए बिहारशरीफ में दबिश दी, जहां से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधियों में राजकुमार, सुधाकर और अमित कुमार सहित एक विधि-विरुद्ध किशोर शामिल है, जिसे निरुद्ध किया गया है।

पुलिस ने इस कार्रवाई में लूटे गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं, जबकि वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की कार को भी जब्त कर लिया गया है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि यह एक सुनियोजित लूट की साजिश थी, जिसमें डॉक्टर को आसान निशाना बनाया गया।इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या हाईवे अब सुरक्षित नहीं रहे? हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपराधियों की गिरफ्तारी जरूर हुई है, लेकिन इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल छोड़ दिया है और लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

रिपोर्ट- अमन कुमार