Bihar Crime: बालू के काले कारोबार पर पुलिस ने शिकंजा! तस्करों में मचा हड़कंप, 14 धंधेबाज गिरफ्तार

अवैध बालू खनन और उसके धड़ल्ले से किए जा रहे परिवहन के खिलाफ खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से बालू माफिया में हड़कंप मच गया है।

बालू के काले कारोबार पर पुलिस का शिकंजा- फोटो : reporter

Bihar Crime: नवादा जिले में अवैध बालू खनन और उसके धड़ल्ले से किए जा रहे परिवहन के खिलाफ खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से बालू माफिया में हड़कंप मच गया है। नारदीगंज थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर टीम ने अवैध बालू लदे सात वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों में तीन ट्रैक्टर इंजन और चार ट्रॉलियां शामिल हैं।

थाना प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार, खनन विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि नारदीगंज के धनियावां मार्ग पर चोरी-छिपे बालू का खनन और अवैध तरीके से उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जिला खनन पदाधिकारी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस के सहयोग से टीम ने बताए गए इलाकों में दबिश दी।

छापेमारी के दौरान अवैध बालू लदे वाहन टीम के हत्थे चढ़ गए। कार्रवाई होते ही मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, टीम की कार्रवाई के दौरान सात वाहनों को जब्त कर लिया गया। पुलिस और खनन विभाग अब जब्त वाहनों के मालिकों और चालकों की भूमिका की भी पड़ताल कर रहा है।

इस मामले में वाहन चालकों और मालिकों समेत कुल 14 लोगों को आरोपित किया गया है। सभी के खिलाफ नारदीगंज थाने में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा खनन विभाग की ओर से जब्त वाहनों पर करीब 7 लाख 8 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों के बीच खलबली मची हुई है। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है। अधिकारियों ने साफ किया है कि सरकारी नियमों की अनदेखी कर बालू का खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।प्रशासन अब यह भी पता लगाने में जुटा है कि इलाके में अवैध बालू खनन का नेटवर्क कितना व्यापक है और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और कार्रवाई होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

रिपोर्ट- अमन कुमार