Bihar Crime: जंगल के बीच धधक रही थी शराब की भट्ठी, पुलिस ने जावा महुआ किया नष्ट

Bihar Crime: अवैध शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में चल रही देसी शराब की भट्ठी को ध्वस्त कर दिया।

शराबंदी वाले राज्य में शराब की भट्ठी- फोटो : reporter

Bihar Crime:  नवादा जिले में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में चल रही देसी शराब की भट्ठी को ध्वस्त कर दिया। नारदीगंज थाना क्षेत्र के इचुआ जंगल में पुलिस टीम ने छापेमारी कर करीब 3000 लीटर जावा महुआ बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम इचुआ जंगल पहुंची। जंगल के अंदर अवैध रूप से देसी शराब तैयार करने के लिए भट्ठी संचालित की जा रही थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शराब निर्माण की पूरी व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी नष्ट कर दिया। इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण स्थल पर बनी भट्ठी को भी ध्वस्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, मौके पर मिले करीब 3000 लीटर जावा महुआ को नष्ट कर दिया गया, ताकि उससे शराब तैयार नहीं की जा सके।

पुलिस ने अवैध शराब निर्माण स्थल को आग के हवाले कर दिया। जंगल में पुलिस की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ जंगलों में भी निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि जंगल और सुदूर ग्रामीण इलाकों में संचालित अवैध शराब की भट्ठियों पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है।

रिपोर्ट- अमन कुमार