बिहार में गिरफ्तार हुआ पाकिस्तानी हथियार तस्कर नेटवर्क से आरोपी, ATS की बड़ी कार्रवाई

जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी के मोबाइल फोन से भारत के कई संवेदनशील और रणनीतिक महत्व वाले स्थानों के वीडियो, तस्वीरें और अन्य डिजिटल सामग्री भी बरामद हुई है।

ATS Bihar - फोटो : news4nation

Bihar Crime News : बिहार पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े एक संवेदनशील मामले का खुलासा करते हुए मुजफ्फरपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के रतनपुर गांव निवासी मो. मुस्तफा के रूप में हुई है। एटीएस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित कुख्यात हथियार तस्कर शहजाद भट्टी गैंग और उसके सहयोगियों के सीधे संपर्क में था। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप्स के जरिए भारत विरोधी गतिविधियों को संचालित कर रहा था।


गुप्त सूचना के आधार पर एटीएस की विशेष आसूचना इकाई ने रतनपुर गांव में छापेमारी कर मो. मुस्तफा को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों से कई आपत्तिजनक एवं देश विरोधी सामग्री बरामद की गई है। एटीएस की तकनीकी जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा हुनैन के साथ लगातार संपर्क में था। मोबाइल से डिलीट किए गए डेटा, चैट बैकअप और एक्टिव मैसेजिंग एप्स की जांच में कई अहम सुराग मिले हैं।


जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी के मोबाइल फोन से भारत के कई संवेदनशील और रणनीतिक महत्व वाले स्थानों के वीडियो, तस्वीरें और अन्य डिजिटल सामग्री भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि आरोपी इन संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और सटीक लोकेशन पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेजता था।


फिलहाल बिहार एटीएस मामले की गहन जांच में जुटी है। जांच एजेंसियां आरोपी के यात्रा इतिहास, सोशल मीडिया गतिविधियों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। साथ ही उसके संभावित सहयोगियों और विदेशी फंडिंग नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।


एटीएस ने आरोपी के खिलाफ जासूसी, देश विरोधी गतिविधियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बिहार एटीएस ने कहा है कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता के खिलाफ काम करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अनिल की रिपोर्ट