Patna Crime:राजधानी में विधायक परिवार भी सुरक्षित नहीं! दिनदहाड़े विधायक के भाई से छीनतई कर फरार हुए बदमाश, लोगों में दहशत

Patna Crime: पटना में माननीय का परिवार भी सुरक्षित नहीं है।...

विधायक के परिवार से चेन स्नेचिंग- फोटो : reporter

Patna Crime:  सूबे की राजधानी पटना में माननीय का परिवार भी सुरक्षित नहीं है। यहां अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला कंकड़बाग इलाके से सामने आया है, जहां राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक राहुल कुमार के भाई रोहित कुमार से दिनदहाड़े चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना उस समय हुई जब रोहित कुमार सुबह कंकड़बाग क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे ताकि उनकी पहचान छिपी रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी तेज रफ्तार में आए और कुछ ही सेकेंड में रोहित कुमार के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ भी नहीं पाए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रोहित कुमार ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कंकड़बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि अपराधियों ने पहले से रेकी की थी और सुनसान मोड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर पटना की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी के पॉश इलाकों में भी अब लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का डर कम होता जा रहा है, जिससे इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।कंकड़बाग जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से लोगों में नाराजगी और भय दोनों बढ़ गया है, और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

रिपोर्ट- अनिल कुमार