Bihar EOU Raid: सबेरे सबेरे आर्थिक अपराध इकाई का रेड , योजना एवं विकास विभाग के इंजीनियर के 5 ठिकानों पर छापेमारी से मचा हड़कंप , नोटो का बंडल देख हैरत में पड़े अधिकारी

Bihar EOU Raid: बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग में कार्यरत कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में 5 जगहों पर छापेमारी कर रही है....

सबेरे सबेरे आर्थिक अपराध इकाई का रेड- फोटो : reporter

Bihar EOU Raid: बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग में कार्यरत कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई  ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई शुरू की है। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी और प्रथम दृष्टया साक्ष्यों के आधार पर आर्थिक अपराध इकाई   ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर बिहार के अलग-अलग जिलों में स्थित पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है। यह कार्रवाई आज यानी गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 की सुबह से की जा रही है।

आर्थिक अपराध इकाई  के अनुसार नारद कुमार दास के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या-28/26, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है। मामले में कार्रवाई के लिए पटना स्थित विशेष न्यायालय निगरानी से तलाशी अधिपत्र प्राप्त किया गया है।

जांच एजेंसी के मुताबिक नारद कुमार दास के खिलाफ उनके ज्ञात आय के वैध स्रोतों की तुलना में 83 लाख 53 हजार 200 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है। आर्थिक अपराध इकाई  ने बताया कि यह राशि उनकी ज्ञात आय से लगभग 64.93 प्रतिशत अधिक है। इसी आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए उनके संभावित संपत्ति और अन्य ठिकानों की तलाशी ली जा रही है।

गुरुवार को आर्थिक अपराध इकाई   की अलग-अलग टीमों ने पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में पांच स्थानों पर तलाशी शुरू की। इनमें भागलपुर के तिलकामांझी स्थित हनुमान पथ का आवास, मुंगेर के बेलन बाजार बंगाली टोला स्थित ठिकाना, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल मुंगेर का सरकारी कार्यालय, मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट का फ्लैट और पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के कुसुमपुरम स्थित आवास शामिल हैं।

तलाशी के दौरान चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों, निवेश, नकदी और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की जांच की जा रही है। हालांकि, तलाशी पूरी होने से पहले बरामदगी से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

आर्थिक अपराध इकाई  ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल तलाशी की कार्रवाई जारी है। अभियान पूरा होने के बाद बरामद दस्तावेजों और अन्य सामग्री के आधार पर विस्तृत सूचना जारी की जाएगी। ऐसे में तलाशी समाप्त होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि जांच टीम के हाथ कौन-कौन से अहम दस्तावेज या संपत्ति संबंधी साक्ष्य लगे हैं।

रिपोर्ट- अनिल कुमार