Patna Firing Case: पटना चकारम पार्षद पति पर गोलीकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार! यूपी में दबोचा गया अपराधी

Patna Firing Case: पटना वार्ड 24 की पार्षद ज्ञानवती देवी के पति अनिल यादव पर जानलेवा हमला कराने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिलने की खबर है।

पार्षद पति पर गोलीकांड का मास्टरमाइंड- फोटो : social Media

Patna Firing Case: पटना वार्ड 24 की पार्षद ज्ञानवती देवी के पति अनिल यादव पर जानलेवा हमला कराने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिलने की खबर है। गोलीकांड के मुख्य आरोपी बताए जा रहे दुजरा निवासी शंकर राय को पटना पुलिस और डीआईयू की टीम ने उत्तर प्रदेश के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस टीम उसे पटना लेकर पहुंची, जहां उससे लगातार पूछताछ किए जाने की बात सामने आ रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अनिल यादव पर गोली चलवाने की साजिश में शंकर राय की कथित भूमिका सामने आई है। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में उसके यूपी में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पटना पुलिस और डीआईयू की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

बताया जा रहा है कि शंकर राय और अनिल यादव के बीच राजनीतिक अदावत पुरानी है। पिछले नगर निगम चुनाव के दौरान दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक रंजिश गहराने की बात सामने आई थी। इसी बीच हाल के दिनों में शंकर यादव के परिवार और अनिल यादव के बीच मारपीट की घटना की जानकारी भी पुलिस को मिली थी। पुलिस अब इन सभी घटनाओं की कड़ियों को जोड़कर गोलीकांड के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।

जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि हमले की साजिश कब और कहां रची गई, गोली चलाने वाले शूटर कौन थे और वारदात के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे। पूछताछ में पुलिस को कथित तौर पर पुराने विवाद, राजनीतिक रंजिश और हालिया टकराव से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।हालांकि, पटना पुलिस ने शंकर राय की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है। ऐसे में गिरफ्तारी से जुड़ी अंतिम स्थिति पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस की पुष्टि और पूछताछ के बाद ही यह सामने आएगा कि अनिल यादव पर जानलेवा हमले की असली वजह क्या थी और इस साजिश में कितने लोग शामिल थे।

रिपोर्ट- अनिल कुमार