Patna Crime: गुरुजी निकले गांजा तस्कर,काली कमाई का हुआ पर्दाफाश, नशे के सामान, नकदी और तौल मशीन के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार

Patna Crime: बिहार में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। ...

‘गुरुजी’ की काली कमाई का पर्दाफाश- फोटो : social Media

Patna Crime: बिहार में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई में पुलिस ने बिक्रम क्षेत्र के बाघाकोल गांव से एक कुख्यात तस्कर को दबोच लिया, जिसे इलाके में लोग गुरुजी के नाम से जानते हैं। यह कार्रवाई पटना जिले के अंतर्गत बाघाकोल गांव में की गई, जहां पुलिस ने अचानक छापेमारी कर पूरे नशा कारोबार का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस के पहुंचते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तस्कर को भागने का मौका भी नहीं मिला।

सूत्रों के अनुसार, डीएसपी-2 पंकज कुमार को इलाके में लंबे समय से गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें बिक्रम थानाध्यक्ष प्रभात कुमार, अपर थानाध्यक्ष वरुण कुमार, एएसआई धर्मेंद्र कुमार और महिला दरोगा गुड़िया कुमारी समेत भारी पुलिस बल शामिल था। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 17 किलो गांजा बरामद किया, जो छोटे-छोटे पैकेटों में बिक्री के लिए तैयार रखा गया था। इसके अलावा 18,590 रुपये नकद भी जब्त किए गए, जिसे पुलिस ने नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़ी कमाई बताया है। साथ ही एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली पॉलीथिन भी बरामद की गई है, जो इस पूरे नेटवर्क की संगठित तस्करी को उजागर करती है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास पुराना है और वह पहले भी जेल जा चुका है। इतना ही नहीं, उसकी पत्नी भी पूर्व में शराब तस्करी के मामले में जेल की हवा खा चुकी है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह एक संगठित परिवार आधारित तस्करी नेटवर्क हो सकता है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जानी थी। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए भी पूछताछ तेज कर दी गई है।

फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशा कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है और पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्ट- सुमित कुमार