Patna Crime: मंचूरियन खरीदने गए थे, पेट्रोल से जला दिया! पटना में मामूली विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, दो युवक झुलसे

Patna Crime: पटना के चौक थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक होटल पर मंचूरियन खरीदने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खौफनाक वारदात में तब्दील हो गया।

मामूली विवाद ने लिया खौफनाक मोड़- फोटो : reporter

Patna Crime: पटना के चौक थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक होटल पर मंचूरियन खरीदने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खौफनाक वारदात में तब्दील हो गया। कैमाशिकोह मोड़ स्थित होटल पर दो युवकों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने गुस्से में आकर दूसरे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस वारदात में पास खड़ा एक अन्य युवक भी पेट्रोल की चपेट में आने से झुलस गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात दो युवक कैमाशिकोह मोड़ स्थित एक होटल पर मंचूरियन खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों युवक अपने-अपने स्वजन को बुलाने की बात करने लगे। मामला बढ़ता गया और इसी बीच कैमाशिकोह निवासी उपेंद्र नामक युवक ने कथित तौर पर 31 वर्षीय आशुतोष उर्फ आशु राज पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

अचानक आग की लपटों में घिरे आशुतोष को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इसी दौरान वहां मंचूरियन लेने पहुंचे 40 वर्षीय उदय राय भी पेट्रोल की चपेट में आ गए और झुलस गए। वारदात के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही चौक थानाध्यक्ष राजकिशोर कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायल युवकों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल दोनों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।चौक थानाध्यक्ष ने बताया कि पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले युवक की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वारदात के बाद से आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

प्रारंभिक जानकारी में विवाद के पीछे कर्ज के लेन-देन का मामला भी सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस इस बिंदु समेत विवाद की अन्य वजहों की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मंचूरियन खरीदने के दौरान शुरू हुआ विवाद आखिर किस बात को लेकर इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पेट्रोल डालकर युवक को आग के हवाले कर दिया।

घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और आपराधिक घटनाओं को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली कहासुनी के बाद पेट्रोल से हमला करने की घटना ने स्थानीय लोगों को सकते में डाल दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के साथ-साथ घटना के वास्तविक कारण और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

ब्यूरो रिपोर्ट