Bihar Crime: मोकामा में कमेंट से शुरू हुआ विवाद, लावलश्कर के साथ पहुंचे लोग, फिर दनादन फायरिंग, सोनू सिंह समेत 9 पर मुकदमा दर्ज

Bihar Crime: सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल इतना गर्म हो गया कि सरेआम फायरिंग तक हो गई।

मोकामा में ताबड़तोड़ फायरिंग- फोटो : reporter

Bihar Crime: सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल इतना गर्म हो गया कि सरेआम फायरिंग तक हो गई।  पटना के मोकामा के पंचमहला थाना इलाके में शनिवार की शाम मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी टकराव में तब्दील हो गई। गोलियों की आवाज से पूरे नौरंगा जलालपुर पंचायत में दहशत और अफरा-तफरी फैल गई। हालात ऐसे बन गए कि इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील करना पड़ा।

मिली जानकारी के मुताबिक मामला अधिवक्ता प्रमोद सिंह से जुड़े एक वायरल वीडियो पर किए गए कमेंट से शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि पंचायत के पैक्स अध्यक्ष और सरपंच प्रतिनिधि मुकेश सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर टिप्पणी की थी। इसी बात को लेकर शनिवार शाम रास्ते में अधिवक्ता प्रमोद सिंह और मुकेश सिंह आमने-सामने आ गए। पहले जुबानी जंग हुई, फिर देखते ही देखते मामला गरमा गया।

ग्रामीणों के अनुसार थोड़ी ही देर में प्रमोद सिंह का बेटा सोनू सिंह अपने लाव-लश्कर के साथ मौके पर पहुंच गया। दूसरी तरफ से भी लोग जमा हो गए और दोनों ओर से जमकर गाली-गलौज शुरू हो गई। माहौल तनावपूर्ण हो चुका था। इसी दौरान दहशत कायम करने की नीयत से दो राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप लगा है। गोली चलते ही इलाके में भगदड़ मच गई। ग्रामीण जब मौके की ओर दौड़े तो आरोपी पक्ष वहां से फरार हो गया।

फायरिंग की खबर मिलते ही पंचमहला थाना समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सोनू सिंह की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वहां मौजूद महिलाओं ने तलाशी का विरोध किया। काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली, मगर तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

पंचमहला थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए गए हैं। मुकेश सिंह के आवेदन पर सोनू सिंह, उसके पिता अधिवक्ता प्रमोद सिंह, सहयोगी सौरभ कुमार समेत छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

प्रियदर्शन शर्मा की रिपोर्ट