पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई : इंस्टाग्राम पर 7 लाख की रंगदारी मांगने वाले 2 शातिर अपराधी को हथियार के साथ दबोचा

Bihar Crime : सोशल मीडिया के माध्यम से रंगदारी मांगने वाले दो शातिर अपराधियों को पटना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए है...

हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए रंगदारी मांगने और घर पर चढ़कर हथियार लहराने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला (वादिनी) ने बिहटा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि बीते 22 मई की शाम को इंस्टाग्राम पर बार-बार कॉल कर आदित्य कुमार नामक युवक ने उससे 7 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। इसके अगले ही दिन 23 मई को आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ वादिनी के घर धमक गया और हथियार दिखाकर डराने लगा, जिसके बाद ग्रामीणों को जुटते देख सभी आरोपी मौके से भाग निकले। इस मामले में बिहटा थाना कांड संख्या-521/26 दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई।


सिटी एसपी (वेस्ट) के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम

मामले की गंभीरता और सोशल मीडिया के जरिए रंगदारी मांगे जाने के दुस्साहस को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देशन में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में गठित इस टीम में पु0अ0नि0 बिकेश कुमार, पु0अ0नि0 मुक्ति नारायण सिंह, पु0अ0नि0 नितीश कुमार और सशस्त्र बल के जवानों को शामिल किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और इनपुट के आधार पर अपराधियों को दबोचने के लिए जाल बिछाया।


त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की इस विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के अगले ही दिन यानी 24 मई 2026 को छापेमारी कर दो मुख्य अभियुक्तों को धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान आदित्य कुमार (पिता-अविनाश कुमार, निवासी नौबतपुर) और सचिन कुमार (पिता-संजीव साव, निवासी दरियापुर, आईआईटी अमहारा, पटना) के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में शामिल तीसरे आरोपी दया दुबे की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

गिरफ्तार किए गए इन शातिर अपराधियों के पास से पुलिस ने अवैध हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अपराधियों के पास से 1 देसी कट्टा, 8 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। अवैध हथियार बरामदगी के इस मामले में पुलिस अलग से एक और प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी वारदात

बिहटा थाना पुलिस की इस त्वरित और पेशेवर कार्रवाई की वजह से इलाके में किसी बड़ी अप्रिय घटना या वारदात को होने से पहले ही टाल दिया गया। पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया या किसी भी अन्य माध्यम से रंगदारी मांगने, व्यापारियों या आम नागरिकों को डराने-धमकाने वाले अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है और इन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है।


अनिल की रिपोर्ट