Patna Crime:नीतीश के ठिकानों पर रेड, राइफल, कार्बाइन, पिस्टल और सैकड़ों कारतूस देख सन्न रह गई पुलिस

Patna Crime:जमीन विवाद से शुरू हुआ विवाद देखते-देखते गोलियों की गूंज, खोखों की बरामदगी और अवैध हथियारों की खेप तक पहुंच गया।...

नीतीश के ठिकानों पर रेड- फोटो : X

Patna Crime: पुलिस ने जमीन कारोबारी अनिकेत कुमार उर्फ नीतीश के घर से हथियारों का ऐसा जखीरा बरामद किया, जिसे देखकर खुद पुलिस अफसर भी दंग रह गए। मामला जमीन विवाद से शुरू हुआ, लेकिन देखते-देखते गोलियों की गूंज, खोखों की बरामदगी और अवैध हथियारों की खेप तक पहुंच गया।पटना जिले के पुनपुन प्रखंड अंतर्गत केवड़ा ओपी क्षेत्र के गंजपर जलालपुर गांव में पुलिस ने छापा मारा था।

जानकारी के मुताबिक, जमीन को लेकर दो पक्षों में पहले तनातनी हुई, फिर बात इतनी बिगड़ी कि एक पक्ष ने दुस्साहस दिखाते हुए दूसरे पक्ष के घर पर चढ़कर आधा दर्जन राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव में दहशत फैल गई। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान कई खोखे बरामद किए गए।

जांच की कड़ी आगे बढ़ी तो शक की सुई जमीन कारोबारी अनिकेत कुमार उर्फ नीतीश की ओर घूमी। पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा और तलाशी के दौरान जो नजारा सामने आया, उसने पूरे महकमे को चौंका दिया। घर से एक देसी कार्बाइन, एक राइफल, एक पिस्टल, तीन मैगजीन और कुल 341 गोलियां बरामद हुईं। इतना ही नहीं, दो वॉकी-टॉकी, चार पिस्टल कवर, नागालैंड निर्मित गोलियों के पांच खाली डिब्बे और अन्य संदिग्ध सामान भी जब्त किए गए।

मौके पर पहुंचे पटना एसपी पूर्वी परिचय कुमार और डीएसपी कन्हैया सिंह ने आरोपी से गहन पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, अनिकेत अपने गिरोह के साथ मिलकर हथियारों के दम पर विवादित जमीन पर कब्जा करता था और इलाके में खौफ का साम्राज्य कायम कर रखा था। सिटी एसपी ने बताया कि गंजपर जलालपुर गांव निवासी निरंजन कुमार के बयान पर अनिकेत के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि जमीन विवाद में अनिकेत ने निरंजन के घर पर चढ़कर फायरिंग करवाई।

वहीं दूसरी ओर, पुनपुन के गौरीचक थाना क्षेत्र में जमीन खरीद के नाम पर 52 लाख रुपये की ठगी का मामला भी सामने आया है। इस केस में पुलिस ने खुशहालचक निवासी सगे भाई नवरत्न और शिवरतन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। रामकृष्णानगर के जगनपुरा निवासी उमेश यादव की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। प्रशिक्षु डीएसपी सह एसएचओ विनय कुमार रंजन ने बताया कि पूछताछ के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जिले में जमीन के खेल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यहां सौदे सिर्फ कागज पर नहीं, बल्कि बंदूक और गोली के साए में तय हो रहे हैं।