प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी की संदिग्ध मौत, माँ बोली- दो साल पहले दीक्षा लिया, मिलने नहीं देते थे

रसिक दुलारी का वास्तविक नाम दीपक लोधी बताया गया है और वह मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे। मृतक की मां ने शव देखकर भावुक होते हुए आरोप लगाया कि उन्हें अपने बेटे से मिलने नहीं दिया जाता था।

Premanand Maharaj disciple Rasik Dulari- फोटो : news4nation

Premanand:  वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से कई सवाल खड़े हो गए हैं। घटना गुरु कृपा कुंज आश्रम की बताई जा रही है, जहां शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे रसिक दुलारी चौथी मंजिल से नीचे गिर गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।


रसिक दुलारी का वास्तविक नाम दीपक लोधी बताया गया है और वह मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।


हत्या या आत्महत्या 

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना से जुड़े कुछ पहलुओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ अन्य संभावित कोणों से भी मामले की जांच कर रही है। बताया गया है कि आश्रम से जुड़े लोग ही गंभीर हालत में रसिक दुलारी को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। पुलिस को घटना की सूचना कुछ समय बाद मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।


घटना के बाद मृतक के शरीर पर गंभीर चोटें मिलीं। उनके निजी अंग पर भी गंभीर चोट की बात सामने आई है। यही पहलू मामले को और संदिग्ध बना रहा है। हालांकि, इस संबंध में स्पष्ट स्थिति पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।


दो साल पहले दीक्षा, माँ का बड़ा दावा 

जानकारी के मुताबिक दीपक लोधी ने करीब दो साल पहले दीक्षा ली थी और इसके बाद वह रसिक दुलारी शरण के नाम से आश्रम से जुड़े हुए थे। घटना की सूचना उनके परिवार को दे दी गई है। परिजनों के मथुरा पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


मृतक की मां ने शव देखकर भावुक होते हुए आरोप लगाया कि उन्हें अपने बेटे से मिलने नहीं दिया जाता था। उनके इस बयान के बाद भी कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।


फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रसिक दुलारी चौथी मंजिल से कैसे गिरे और घटना से पहले वास्तव में क्या हुआ था।