रील का 'कातिलाना' जुनून: बुजुर्ग पिता को बोरे में भरकर कूरियर करने पहुँची बेटी, वजह जानकर कांप जाएगी रूह!

सोशल मीडिया पर 'व्यूज' और 'रील्स' के लिए लोग किस हद तक जा सकते हैं। इसकी बानगी दिखी है बेंगलुरु के व्यालिकावल क्षेत्र में जहाँ बुजुर्ग पिता को बोरे में भरकर कूरियर करने पहुँची बेटी

रील का 'कातिलाना' जुनून: बुजुर्ग पिता को बोरे में भरकर कूरियर करने पहुँची बेटी- फोटो : news 4 nation

सोशल मीडिया रील बनाने के जुनून में मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रख दिया।एक महिला अपने पति और सास-ससुर के साथ कूरियर ऑफिस पहुँची और अपने ही बुजुर्ग पिता को एक बड़े बोरे में बंद कर पार्सल के रूप में भेजने की कोशिश की। इस अजीबोगरीब और खतरनाक हरकत को देखकर कूरियर कंपनी के कर्मचारी भी सन्न रह गए। रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है बेंगलुरु के व्यालिकावल क्षेत्र से।

संदेह होने पर खुला बैग तो उड़े होश

दरसल, कूरियर कार्यालय के कर्मचारियों को तब शक हुआ जब उन्होंने पार्सल का आकार असामान्य रूप से बड़ा देखा। जब परिवार से इसके बारे में पूछा गया, तो वे टालमटोल करने लगे। संदेह गहराने पर जब कर्मचारियों ने बैग खोला, तो अंदर एक बुजुर्ग व्यक्ति को ठूंसा हुआ पाया गया, जिन्हें सांस लेने में भी तकलीफ हो रही थी। जांच में खुलासा हुआ कि वे बुजुर्ग उसी महिला के पिता थे जो उन्हें कूरियर बुक कराने लाई थी।

अजीब तर्क: बस टिकट की किल्लत पर बनाना था वीडियो

पकड़े जाने के बाद परिवार ने जो सफाई दी, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। महिला का दावा था कि वे आगामी त्योहारों (उगादी और रमजान) के दौरान बस टिकट न मिलने की समस्या पर एक व्यंग्यात्मक वीडियो बनाना चाहते थे। उनका तर्क था कि वे दिखाना चाहते थे कि टिकट न मिलने पर अब इंसानों को कूरियर से भेजने की नौबत आ गई है। हैरानी की बात यह है कि पकड़े जाने के बाद भी वे कर्मचारियों से पार्सल बुक करने की जिद करते रहे।

पुलिस की चेतावनी और माफीनामा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने परिवार को हिरासत में लेकर कड़ी फटकार लगाई और उनके कृत्य को जानलेवा बताया। हालांकि, बाद में परिवार से लिखित माफीनामा और एक वीडियो बयान दर्ज कराने के बाद, उन्हें भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। यह घटना सोशल मीडिया के बढ़ते नकारात्मक प्रभाव का एक जीता-जागता उदाहरण बन गई है।