जेवर साफ करने के बहाने लाखों के गहने लेकर फरार हुई महिला, सहरसा में महिला ठग ने लगाया चूना
रंजू देवी के मुताबिक, इसी दौरान अज्ञात महिला ने पीने के लिए पानी मांगा। वह पानी लाने के लिए घर के अंदर गईं। इसी मौके का फायदा उठाकर महिला सभी जेवरात लेकर फरार हो गई।
Bihar News : जेवरात साफ करने के बहाने एक महिला के घर से सोने-चांदी के गहने लेकर फरार होने का मामला बिहार के सहरसा में सामने आया है। आरोपी महिला ने पहले भरोसा जीतकर पायल और फिर सोने के आभूषण साफ करने के लिए लिए। इसी दौरान घर की मालकिन पानी लाने अंदर गईं, तभी वह सभी गहने लेकर फरार हो गई। घटना के बाद पीड़िता ने सदर थाना में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई और अपने जेवरात बरामद कराने की गुहार लगाई है। मामला सहरसा सदर थाना क्षेत्र के तिवारी टोला, वार्ड संख्या 31/29 का है। पीड़िता की पहचान रंजू देवी, पति भुज पासवान के रूप में हुई है।
ऐसे दिया धोखा
पीड़िता के आवेदन के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे एक अज्ञात महिला उनके घर पहुंची। उसने जेवरात साफ करने की बात कही। उसकी बातों पर भरोसा कर रंजू देवी ने अपने और अपने बच्चे के पायल साफ करने के लिए दे दिए। इनका कुल वजन करीब 50 ग्राम बताया गया है। आरोप है कि इसके बाद पीड़िता ने सोने की कानबाली, चेन, गले का चकती और अंगूठी भी साफ करने के लिए दे दी। आवेदन में इन सोने के आभूषणों का कुल वजन करीब 43 ग्राम बताया गया है।
पानी लाने गईं, गहने लेकर भाग निकली महिला
रंजू देवी के मुताबिक, इसी दौरान अज्ञात महिला ने पीने के लिए पानी मांगा। वह पानी लाने के लिए घर के अंदर गईं। इसी मौके का फायदा उठाकर महिला सभी जेवरात लेकर फरार हो गई। जब पीड़िता को गहने गायब होने का पता चला, तो उन्होंने शोर मचाया। आसपास के लोगों की मदद से आरोपी महिला की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि घटना के दौरान उन्होंने मोबाइल से संदिग्ध महिला की तस्वीर भी ली थी। उन्होंने पुलिस को तस्वीर उपलब्ध कराने की बात कही है, ताकि आरोपी की पहचान करने में मदद मिल सके। फिलहाल पीड़िता ने सदर थाना प्रभारी से अज्ञात महिला की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और चोरी हुए जेवरात बरामद कराने की मांग की है। मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।