Bihar Police Encounter: समस्तीपुर एनकाउंटर से दहला बिहार, पुलिस की गोली से घायल हुआ कुख्यात , 48 घंटे में चौथा एनकाउंटर, क्राइम पर सरकार का कड़ा संदेश

Bihar Police Encounter: समस्तीपुर की धरती एक बार फिर देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी, जब पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।...

समस्तीपुर एनकाउंटर से दहला बिहार- फोटो : reporter

Bihar Police Encounter:  समस्तीपुर की धरती एक बार फिर देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी, जब पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इस एनकाउंटर में कुख्यात बदमाश प्रिंस कुमार पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है। गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा और पुलिस ने उसे तुरंत काबू में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, प्रिंस कुमार लंबे समय से पुलिस की रडार पर था और उस पर सीएसपी लूट, सड़क पर छिनतई तथा कई अन्य संगीन आपराधिक मामलों का आरोप दर्ज है। हाल के दिनों में उजियारपुर, सरायरंजन और कल्याणपुर थाना क्षेत्रों में हुई वारदातों में भी उसकी संलिप्तता बताई जा रही है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था।

मंगलवार की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत लोकेशन ट्रेस कर घेराबंदी शुरू की। जैसे ही पुलिस टीम उसके करीब पहुंची, खुद को घिरता देख प्रिंस ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें एक गोली उसके पैर में जा लगी और वह वहीं धराशायी हो गया।

घायल अवस्था में उसे समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रिंस एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इस मुठभेड़ को पुलिस ने “कानून व्यवस्था पर सीधा हमला और उसका जवाब” बताया है।

इधर, पिछले 48 घंटों में बिहार में यह चौथा एनकाउंटर बताया जा रहा है, जिसने राज्य की कानून-व्यवस्था पर नई बहस छेड़ दी है। इससे पहले सीवान में सोना दुकान लूटकांड के आरोपी को पैर में गोली लगी थी, वहीं पटना में शिक्षक से लूट और गोलीबारी के मामले में दो अपराधियों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया था, जिनमें से एक के पैर में गोली लगी थी। इसी तरह पटना में ही 27 लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट में शामिल एक बदमाश को भी पुलिस की कार्रवाई में गोली लगी।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बयान भी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने साफ शब्दों में कहा था “अगर बदमाश गोली चलाएंगे, तो गोली खाएंगे।” सरकार के इस सख्त रुख को पुलिस की लगातार हो रही कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है।

हालांकि, विपक्ष और सामाजिक हलकों में इन लगातार एनकाउंटर्स को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन का दावा है कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानून के दायरे में रहकर की जा रही है और अपराधियों में खौफ पैदा करना इसका मकसद है। फिलहाल समस्तीपुर एनकाउंटर ने पूरे बिहार में क्राइम और पुलिसिंग को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है जहां एक तरफ अपराधियों पर शिकंजा कसने की बात हो रही है, वहीं दूसरी तरफ हालात की गंभीरता पर भी नजरें टिकी हैं।