पुलिस की शराब तस्करों से मिलीभगत उजागर ! एसी ने किया थानाध्यक्ष को निलंबित, ऐसे हुआ खुलासा

एसपी के निर्देश पर यातायात डीएसपी ने पूरे मामले की जांच की। जांच के दौरान मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए और विस्तृत रिपोर्ट एसपी को सौंपी गई। एसपी के अनुसार, जांच रिपोर्ट में मिले साक्ष्यों के आधार पर शराब मामले में थानाध्यक्ष की लापरवाही स्पष्ट हु

Sheikhpura SP Suspends Mission Police Station SHO- फोटो : news4nation

Bihar News :  शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के बजाय शराब से जुड़े मामले को कथित तौर पर रफा-दफा करने के आरोप में शेखपुरा के एसपी हिमांशु ने बड़ी कार्रवाई की है। बरबीघा प्रखंड क्षेत्र के मिशन थाना के थानाध्यक्ष सह पुलिस सब-इंस्पेक्टर आदित्य रंजन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन पर थाना क्षेत्र में 10 लीटर शराब बरामद होने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और मामले को दबाने का आरोप था। मामले की जांच में पुलिस पदाधिकारी की लापरवाही सामने आने के बाद एसपी ने यह कार्रवाई की।


शराब बरामदगी मामले में कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, मिशन थाना क्षेत्र में 10 लीटर शराब बरामद होने के मामले को लेकर थानाध्यक्ष आदित्य रंजन पर लापरवाही बरतने और मामले को रफा-दफा करने का आरोप लगा था। आरोप था कि शराब की बरामदगी के बावजूद थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी हिमांशु ने इसे गंभीरता से लिया और जांच का निर्देश दिया।


यातायात डीएसपी ने की जांच

एसपी के निर्देश पर यातायात डीएसपी ने पूरे मामले की जांच की। जांच के दौरान मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए और विस्तृत रिपोर्ट एसपी को सौंपी गई। एसपी के अनुसार, जांच रिपोर्ट में मिले साक्ष्यों के आधार पर शराब मामले में थानाध्यक्ष की लापरवाही स्पष्ट हुई। इसके बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया गया।


आदित्य रंजन के निलंबन के बाद फिलहाल मिशन थाना में नए थानाध्यक्ष की तैनाती नहीं की गई है। तब तक अपर थानाध्यक्ष को थाना प्रभारी का प्रभार संभालने का निर्देश दिया गया है। नए थानाध्यक्ष की नियुक्ति होने तक थाने का कामकाज इसी व्यवस्था के तहत संचालित होगा।


लापरवाही बर्दाश्त नहीं: एसपी

एसपी हिमांशु ने स्पष्ट किया है कि शराब से जुड़े मामलों के साथ-साथ गंभीर अपराधों की जांच, पुलिस गश्त और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को अपने कर्तव्यों का गंभीरता से पालन करने का निर्देश दिया है।