Bihar Encounter: अहले सुबह सीतामढ़ी में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, 3 अपराधियों के पैर में लगी गोली, 3 पिस्टल और 800 कारतूस बरामद
Bihar Encounter: बिहार में अहले सुबह एकबार फिर बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई है, जिसमें खाकी ने 3 अपराधियों को गोली मार दी है।...
Bihar Encounter: बिहार में सुबह सुबह एकबार फिर बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई है, जिसमें खाकी ने 3 अपराधियों को गोली मार दी है। सीतामढ़ी के रीगा थाना क्षेत्र में बुधवार की अहले सुबह पुलिस और हथियारबंद बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में सनसनी फैल गई। रेवासी आम गाछी के समीप पुलिस टीम को देखते ही बिना नंबर की बाइक सवार तीन बदमाश भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान तीनों बदमाशों के पैर में एक-एक गोली लगी और वे घायल होकर मौके पर गिर पड़े। पुलिस ने तीनों को दबोच लिया और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रीगा थाना क्षेत्र के रमनगरा गांव निवासी सुनील कुशवाहा, बेलसंड निवासी मणि कुमार और गाढ़ा थाना क्षेत्र के इंदल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सुनील कुशवाहा दिनेश यादव हत्याकांड में नामजद आरोपित है और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था।
बिना नंबर की बाइक ने खोला शक का रास्ता
पुलिस के अनुसार, रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि बिना नंबर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन संदिग्ध बेलसंड की तरफ से रीगा की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और डीआईयू तथा एसआईटी की टीम को अलर्ट किया गया।
पुलिस टीम ने रेवासी आम गाछी के पास बाइक सवार तीनों संदिग्धों को देख लिया। पुलिस की मौजूदगी भांपते ही बदमाशों ने बाइक घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
15-20 राउंड फायरिंग, पुलिस ने दिया मुंहतोड़ जवाब
पुलिस का दावा है कि बदमाशों ने करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए करीब 10 से 11 राउंड गोलियां चलाईं। मुठभेड़ में तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। फायरिंग में रीगा थाने की पुलिस गाड़ी भी गोलियों से छलनी हो गई। बदमाशों के घायल होकर गिरते ही पुलिस ने उन्हें काबू में कर लिया।
तीन पिस्टल और करीब 800 कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन पिस्टल और एक बैग से करीब 800 कारतूस बरामद किए। पुलिस को आशंका है कि बरामद तीन पिस्टलों में से दो का इस्तेमाल दिनेश यादव हत्याकांड में हुआ हो सकता है। अब हथियारों की फोरेंसिक और तकनीकी जांच के जरिए इस कड़ी को पुख्ता करने की कवायद शुरू कर दी गई है।
पुलिस इस एंगल से भी पड़ताल कर रही है कि तीनों आरोपित किसी बड़े आपराधिक गिरोह के गुर्गे हैं या नहीं। आशंका है कि भारी मात्रा में हथियार और कारतूस लेकर घूम रहे बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल को खंगालकर साक्ष्य जुटाए हैं। तीनों आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड और पुराने मुकदमों की कुंडली भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।
ब्यूरो रिपोर्ट